रामायण : कथा एक, स्वर अनेक

रामायण : कथा एक, स्वर अनेक

Written by Sadhana Team
Published on
Updated on

त्वरित परिचय: रामायण केवल महर्षि वाल्मीकि द्वारा रचित एक महाकाव्य नहीं, बल्कि भारत की समृद्ध ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसमें भगवान श्रीराम के जीवन, आदर्शों, धर्म, कर्तव्य और मर्यादा का वर्णन मिलता है। वाल्मीकि रामायण में लगभग 24,000 श्लोक और सात कांड हैं। समय के साथ रामकथा ने भारत के विभिन्न क्षेत्रों में अनेक भाषाओं और लोकपरंपराओं के माध्यम से अलग-अलग स्वरूप ग्रहण किए। इनमें तुलसीदास की श्रीरामचरितमानस, कृत्तिवासी रामायण, असम की सप्तकाण्ड रामायण और मणिपुरी रामायण जैसी रचनाएँ विशेष महत्व रखती हैं। इस लेख में जानिए रामायण की उत्पत्ति, संरचना और उत्तर भारत से पूर्वोत्तर भारत तक प्रचलित रामकथा के विविध रूपों के बारे में।

महर्षि वाल्मीकि तमसा नदी के तट पर अपने शिष्यों के साथ विचार-विमर्श कर रहे थे। तभी वहाँ देवर्षि नारद का आगमन हुआ। वाल्मीकि जी ने उनसे पूछा कि क्या इस धरती पर ऐसा कोई मनुष्य है, जिसमें एक आदर्श राजा के सभी गुण हों? प्रश्न के उत्तर में देवर्षि नारद ने मनुष्य के सोलह गुण बताए—गुणवान, वीर्यवान, धर्मज्ञ, कृतज्ञ, सत्यव्रती, दृढ़व्रती, सदाचारी, सभी प्राणियों का हित चाहने वाला, विद्वान, समर्थ, प्रियदर्शन, आत्मसंयमी, क्रोध पर विजय पाने वाला, तेजस्वी, ईर्ष्यारहित और आवश्यकता पड़ने पर अपने शत्रुओं के लिए भय उत्पन्न करने वाला। 

महर्षि वाल्मीकि ने सोचा कि शायद ही किसी मनुष्य में ये सभी गुण एक साथ हों। इस पर देवर्षि नारद ने उन्हें अयोध्या के राजा दशरथ के पुत्र श्रीराम के बारे में बताया, जो इन सभी गुणों से युक्त हैं।

नारद जी से श्रीराम की कथा सुनने के बाद वाल्मीकि स्नान के लिए तमसा नदी की ओर चले। वहाँ उन्होंने क्रौंच (सारस) पक्षियों के एक जोड़े को प्रेमपूर्वक क्रीड़ा करते देखा। तभी एक बहेलिये के बाण से नर पक्षी की मृत्यु हो गई। अपने साथी के वियोग में मादा पक्षी का विलाप सुनकर महर्षि के हृदय में गहरा शोक उत्पन्न हुआ और उनके मुख से अनायास ही एक छंद निकला—

“मा निषाद प्रतिष्ठां त्वमगमः शाश्वतीः समाः।
यत्क्रौञ्चमिथुनादेकमवधीः काममोहितम्॥” 

                                                       — वाल्मीकि रामायण, बालकांड, सर्ग 2, श्लोक 14–15

“हे निषाद, तुमने काम-मोहित क्रौंच-जोड़े में से एक को मार डाला, इसलिए तुम लंबे समय तक प्रतिष्ठा न पाओगे।”

स्वयं अपने मुख से निकले इस छंद को सुनकर ऋषि वाल्मीकि आश्चर्य में पड़ गए। वे सोचने लगे कि शोक से उत्पन्न ये शब्द छंद के रूप में कैसे ढल गए? तभी भगवान ब्रह्मा उनके सामने प्रकट हुए। महर्षि की दुविधा समझकर उन्होंने कहा—

 हे मुनिश्रेष्ठ! आपके मुख से निकला यह श्लोक मेरी ही इच्छा से प्रकट हुआ है। आप इसी काव्य-रूप में श्रीराम के संपूर्ण चरित्र का वर्णन कीजिए। मेरी कृपा से उनके जीवन की वे घटनाएँ भी आपको ज्ञात हो जाएँगी, जिन्हें आपने स्वयं नहीं देखा। आपकी यह रामकथा तब तक संसार में प्रसिद्ध रहेगी, जब तक पृथ्वी पर पर्वत और नदियाँ विद्यमान हैं।

भगवान ब्रह्मा की आज्ञा और प्रेरणा से महर्षि वाल्मीकि ने श्रीराम के जीवन पर आधारित महाकाव्य रामायण की रचना की।

प्रायः यह प्रश्न उठता है कि—क्या रामायण एक महाकाव्य है या हमारे इतिहास से इसका गहरा संबंध है। आख़िर क्या है वाल्मीकि रामायण की सरंचना और, भारत में रामायण के विविध रूप कौन से हैं? इन सभी सवालों के जवाब जानिए के लिए आगे पढ़िए… 

मुख्य बातें : 

रामायण: इतिहास या एक सांस्कृतिक परम्परा? 

संस्कृत के शब्द ‘इतिहास’ को तीन भागों में बाँटकर समझ सकते हैं। ‘इति’ का अर्थ है ‘इस प्रकार’, ‘ह’ का अर्थ है ‘निश्चय ही’ और ‘आस’ का अर्थ है ‘था’। यानी, ‘इतिहास’ का अर्थ है ‘ऐसा ही हुआ था।’ इतिहास केवल अतीत की घटनाओं का वर्णन नहीं बल्कि धर्म और सदाचार की सीख भी है। 

रामायण इतिहास की इन दोनों प्रमुख कसौटियों पर खरी उतरती है। पहली है ‘पुनर्वृत्त’, अर्थात् अतीत में घटित घटनाओं का वर्णन। रामायण में सूर्यवंश के इक्ष्वाकु राजाओं की वंश-परम्परा और उनके जीवन की घटनाएँ मिलती हैं। दूसरी कसौटी है पूर्वजों के आदर्शों और जीवन-मूल्यों को अगली पीढ़ियों तक पहुँचाना। श्रीराम का जीवन हमें सिखाता है कि जीवन में किन आदर्शों और मूल्यों को अपनाना चाहिए।

अपनी पुस्तक रामायण अनरैवल्ड ( Ramayana unravelled) में लेखिका अमी गणात्रा (Ami Ganatra) में बताती हैं कि हमारे ऋषि-मुनियों ने पूर्वजों के जीवन-चरित्रों का वर्णन केवल अतीत बताने के लिए नहीं, बल्कि उनके माध्यम से समाज को जीवन के चार पुरुषार्थों—धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष—का मार्ग भी दिखाना चाहा। 

रामायण की एक विशेषता यह भी है कि इसमें वर्णित अनेक भौगोलिक स्थान, जैसे अयोध्या, चित्रकूट और पंचवटी, आज भी भारतीय उपमहाद्वीप में पहचाने जाते हैं। रामकथा का प्रभाव केवल साहित्य तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि इसने भारत की लोकसंस्कृति और धार्मिक परम्पराओं को भी गहराई से प्रभावित किया है। 

इसका एक अनूठा उदाहरण छत्तीसगढ़ का रामनामी सम्प्रदाय है। इसके अनुयायी अपने शरीर पर ‘राम’ नाम गोदवाते हैं और रामनाम को ही अपनी सर्वोच्च साधना मानते हैं। उनके लिए राम केवल महाकाव्य के नायक नहीं, बल्कि सर्वव्यापी परम सत्ता और सामाजिक समानता के प्रतीक भी हैं।

लेकिन यहाँ एक प्रश्न उठता है—क्या रामकथा का आरम्भ महर्षि वाल्मीकि की रचना से ही हुआ था? 

संभव है की महर्षि वाल्मीकि से पहले भी भगवान श्रीराम की कथा लोकस्मृतियों में रही हो। यद्यपि ऋषि वाल्मीकि से पूर्व किसी सम्पूर्ण रामायण की रचना का प्रमाण नहीं है। अतः बाद में लिखी गईं समस्त पुस्तकों का आधार ऋषि वाल्मीकि द्वारा रचित रामायण ही है। 

वाल्मीकि रामायण की संरचना 

वर्तमान प्रचलित स्वरूप में वाल्मीकि रामायण में लगभग 24,000 श्लोक हैं, जिन्हें सात कांडों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक कांड रामकथा के एक विशेष पड़ाव को सामने रखता है। इस प्रकार, रामायण केवल श्रीराम के जीवन की घटनाओं का वर्णन नहीं करती, बल्कि उनके जीवन के माध्यम से परिवार, समाज, राजनीति, धर्म, कर्तव्य, प्रेम, त्याग और मानवीय मूल्यों की एक विस्तृत तस्वीर प्रस्तुत करती है। 


रामायण के विभिन्न कांड एवं उनकी विषय वस्तु  

क्रमांक 

कांड 

प्रमुख विषय 

1

बालकाण्ड 

श्रीराम जन्म एवं उनका बाल्यकाल, शिक्षा, महर्षि विश्वामित्र के साथ यात्रा, ताड़का वध और माँ सीता का स्वयंवर 

2

अयोध्याकाण्ड 

अयोध्या का राजमहल एवं राजसत्ता, महारानी कैकेयी का वरदान, श्रीराम का वनवास, महाराज दशरथ की मृत्यु, भरत का त्याग और श्रीराम की पादुकाओं को सिंहासन पर स्थापित करना।

3

अरण्यकाण्ड 

वनवास के दौरान ऋषियों से भेंट, शूर्पणखा प्रसंग, खर-दूषन वध, मारीच का स्वर्णमृग रूप और सीता-हरण 

4

किष्किंधाकांड 

श्रीराम और हनुमान की प्रथम भेंट, सुग्रीव से मित्रता, बाली-वध और माता सीता की खोज के लिए वानर सेना का प्रस्थान

5

सुंदरकांड 

हनुमान जी का समुद्र लांघ कर लंका पहुचना, अशोक वाटिका में माता सीता से भेंट, लंका दहन और श्रीराम का संदेश पहुचना

6

युद्धकाण्ड 

राम सेतु का निर्माण, लंका का युद्ध, रावण-वध, श्रीराम और माता सीता का पुनः अयोध्या वापस लौटना 

7

उत्तरकांड 

रामराज्य, सीता का वनवास, लव-कुश का जन्म एवं पालन-पोषण, अश्वमेघ यज्ञ और श्रीराम के जीवन की अंतिम घटनाएँ

उत्तर भारत में रामायण के विविध स्वरूप 

 उत्तर प्रदेश : तुलसी कृत श्रीरामचरितमानस 

कहा जाता है कि गोस्वामी तुलसीदास पहले संस्कृत में रामकथा लिखने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन उनके द्वारा दिन में लिखे गए श्लोक रात में लुप्त हो जाते थे। आठ दिनों तक ऐसा होने के बाद भगवान शिव ने स्वप्न में दर्शन देकर उन्हें अवधी भाषा में रामकथा लिखने का निर्देश दिया, ताकि भगवान राम की कथा साधारण जन तक भी पहुँच सके। 

लोक मान्यता के अनुसार, जब तुलसीदास जी ने श्री रामचरितमानस की पांडुलिपि पूरी की, तो कुछ चोर उसे चुराने पहुँचे। लेकिन दो धनुषधारी युवकों को उसकी रक्षा करते देखकर वे लौट गए। तुलसीदास ने बाद में उन युवकों को भगवान राम और लक्ष्मण के रूप में पहचाना। 

विक्रम संवत् 1631, अर्थात् 1574 ईस्वी की रामनवमी के दिन अयोध्या में इस ग्रंथ की रचना आरम्भ होने का उल्लेख स्वयं मानस में मिलता है। अवधी भाषा ने इसे घर-घर तक पहुँचाया। आम जन ने इसे सुना, गाया, याद किया और इसकी चौपाइयों को अपने जीवन का हिस्सा बना लिया। यही कारण है कि रामचरितमानस आज भी उत्तर भारत के घरों, मंदिरों और रामलीलाओं में जीवित है।

 ओडिशा: ओड़िया रामायणा 

ओड़िया रामायण, जिसे जगमोहन रामायण (या दांडी रामायण) के नाम से भी जाना जाता है, की रचना 15वीं शताब्दी के उत्तरार्ध अथवा 16वीं शताब्दी के प्रारंभ में प्रसिद्ध ओड़िया कवि बलराम दास ने की थी। 
यह ग्रंथ महर्षि वाल्मीकि की संस्कृत रामायण का शब्दशः अनुवाद न होकर, ओड़िया संस्कृति और परंपराओं के अनुरूप एक सुंदर साहित्यिक रूपांतरण है। इसकी रचना ओड़िया काव्य की पारंपरिक दांडी वृत्त शैली में की गई है। कवि बलराम दास ने इसमें ओडिशा के सामाजिक रीति-रिवाजों, खान-पान, प्राकृतिक परिवेश और त्योहारों को रामकथा के साथ बड़ी सुंदरता से जोड़ा है। साथ ही, उन्होंने भगवान श्रीराम की कथा को पुरी के भगवान जगन्नाथ की उपासना से भी गहराई से संबद्ध किया है। 
सरल और जनसुलभ ओड़िया भाषा में रचित होने के कारण यह ग्रंथ ओडिशा के सामान्य जनमानस और घर-घर तक रामकथा पहुँचाने में अत्यंत महत्त्वपूर्ण सिद्ध हुआ। इस प्रकार जगमोहन रामायण ओड़िया साहित्य और भक्ति परंपरा का एक आधारभूत ग्रंथ बन गया।  

 राजस्थान — रामरासो की वीर-गाथा 

राजस्थान की धरती पर रामकथा ने वीरता, स्वामीभक्ति और लोकगौरव के रंगों में अपना स्वरूप पाया। सत्रहवीं शताब्दी के कवि माधवदास दधवाड़िया द्वारा रचित रामरासो इसका एक महत्त्वपूर्ण उदाहरण है। यह रचना डिंगल काव्य-परम्परा से जुड़ी है, जिसमें वीर रस, ओजस्वी भाषा और प्रशस्ति-काव्य की विशेषताएँ दिखाई देती हैं। 

इसकी भाषा और काव्य-शैली राजस्थान के चारण साहित्य ( चारण साहित्य राजस्थान की डिंगल भाषा में रची गई वीरगाथात्मक  काव्य-परम्परा है।)  परम्परा की याद दिलाती है। इस रचना में रामकथा स्थानीय सांस्कृतिक संवेदना के साथ घुल-मिल जाती है।

 पंजाब — दशम ग्रंथ का रामावतार  

“अब मैं कहो राम अवतारा।
जैस जगत मो करा पसारा॥” 

                                                         — दशम ग्रंथ, चौबीस अवतार, रामावतार, छंद -चौपई।

भावार्थ: अब मैं भगवान राम के अवतार का वर्णन करता हूँ, जिनके द्वारा इस संसार का विस्तार हुआ।

पंजाब की धार्मिक-साहित्यिक परम्परा में रामकथा का एक विशिष्ट रूप सिख परम्परा में गुरु गोबिंद सिंह से सम्बद्ध दशम ग्रंथ के चौबीस अवतार प्रसंग में मिलता है।

इस रचना की भाषा मुख्यतः ब्रजभाषा है, हालाँकि इसमें कुछ पंजाबी पद भी मिलते हैं। इसकी विशेषता यह है कि श्री राम का चित्रण एक पराक्रमी योद्धा और धर्म की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले नायक के रूप में किया गया है। इसमें वीर रस, युद्ध-वर्णन और ओजपूर्ण काव्य-शैली का विशेष स्थान है।  

कश्मीर — रामकथा की एक कश्मीरी अभिव्यक्ति

रामावतारचरित में श्री राम और माता सीता का विवाह केवल एक पौराणिक प्रसंग नहीं रह जाता, बल्कि इसमें 19वीं शताब्दी के कश्मीर की संस्कृति भी जीवंत हो उठती है। भगवान राम की बारात में कश्मीरी विवाह गीत गाए जाते हैं, तो माता सीता के श्रृंगार के समय स्त्रियाँ ‘लगनुक ग्यवुन’ गाती हैं। 

विवाह में स्थानीय देवी-देवताओं की उपस्थिति, द्वार पूजा, पुष्प पूजा और अंकुरारोपण जैसी रस्में भी दिखाई देती हैं। यहाँ तक कि लायबोय  और ‘गंगव्यस’  जैसी विशिष्ट कश्मीरी विवाह परंपराओं का भी उल्लेख मिलता है। इस तरह कवि प्रकाशराम ने रामकथा को कश्मीर के लोकजीवन और सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ दिया है।

रामकथा पर आधारित अन्य रचनाएँ

रामकथा ने संस्कृत नाटक, ब्रजभाषा काव्य और आधुनिक हिन्दी साहित्य में अनेक रूप ग्रहण किए। विभिन्न कवियों और नाटककारों ने इसके प्रसंगों को अपनी भाषा, काव्य-शैली और दृष्टिकोण के अनुसार प्रस्तुत किया। ऐसी ही कुछ उल्लेखनीय रचनाएँ हैं:

             1.महावीरचरित और उत्तररामचरित — भवभूति 

लगभग आठवीं शताब्दी ईस्वी के संस्कृत नाटककार भवभूति ने रामकथा को दो अलग-अलग नाटकों के माध्यम से प्रस्तुत किया। महावीरचरित में श्रीराम के प्रारम्भिक जीवन से लेकर रावण-वध तक की घटनाओं का नाटकीय चित्रण मिलता है। वहीं, सात अंकों में रचित उत्तररामचरित में श्री राम के राज्याभिषेक के बाद की कथा, माता सीता का वनवास, श्री राम का विरह और लव-कुश से जुड़ी घटनाएँ प्रमुख हैं। 

 इस नाटक का विशेष पक्ष यह है कि भवभूति ने कथा का अंत राम और सीता के पुनर्मिलन के साथ किया है।

2. प्रतिमानाटकम् और अभिषेकनाटकम् — भास द्वारा रचित 

भास के नाम से प्रसिद्ध ये दोनों संस्कृत नाटक श्रीरामकथा के अलग-अलग प्रसंगों को नाटकीय रूप में प्रस्तुत करते हैं। प्रतिमानाटकम् में श्रीराम के वनवास, राजा दशरथ की मृत्यु और भरत के त्याग एवं भ्रातृप्रेम का मार्मिक चित्रण मिलता है। 

वहीं, अभिषेकनाटकम् में वाली-वध, सुग्रीव से मित्रता, रावण-वध और अंततः श्रीराम के राज्याभिषेक तक की घटनाओं को प्रस्तुत किया गया है।

ध्यान दें: परम्परागत रूप से इन दोनों नाटकों का श्रेय भास को दिया जाता है, हालाँकि आधुनिक विद्वानों में इनके वास्तविक रचयिता को लेकर मतभेद रहे हैं।

3. रामचन्द्रिका — केशवदास  

लगभग 1600 ईस्वी के आसपास रचित यह ब्रजभाषा काव्य रामकथा को अलंकारिक और काव्यशास्त्रीय शैली में प्रस्तुत करता है। केशवदास ने संस्कृत काव्य-परम्परा की विशेषताओं को ब्रजभाषा में अभिव्यक्त किया।

4. कवितावली और गीतावली — गोस्वामी तुलसीदास

तुलसीदास ने कवितावली में राम-महिमा और भक्तिभाव को, जबकि गीतावली में रामकथा को गीतात्मक पदों के माध्यम से प्रस्तुत किया है।

5.साकेत — मैथिलीशरण गुप्त 

1932 में प्रकाशित इस आधुनिक हिन्दी महाकाव्य में उर्मिला के चरित्र को महत्त्वपूर्ण स्थान मिला है। लक्ष्मण के वनवास के दौरान उर्मिला के त्याग, प्रतीक्षा और विरह को स्वर देकर कवि ने रामकथा के एक ऐसे पक्ष को सामने रखा गया है।

6. कृत्तिवासी रामायण  

बंगाल में कवि कृत्तिवास ओझा द्वारा रचित(श्रीराम पाँचाली) रामकथा का एक महत्त्वपूर्ण बांग्ला रूप है। पंद्रहवीं शताब्दी के आसपास रचित इस काव्य में वाल्मीकि रामायण की कथा को बंगाल की लोकसंस्कृति, परम्पराओं और भक्ति-भावना के अनुरूप प्रस्तुत किया गया है। इसने बंगाल में रामकथा को जन-जन तक पहुँचाने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई।

पूर्वोत्तर भारत में रामायण के रंग 

पूर्वोत्तर भारत में रामकथा की लिखित परम्पराएँ विशेष रूप से असमिया और मणिपुरी भाषाओं में मिलती हैं। इसके साथ ही, यहाँ की जनजातीय और बौद्ध समुदायों में रामकथा के अनेक मौखिक और स्थानीय रूप भी प्रचलित हैं।

मुख्य भारतीय भूभाग की संस्कृत परम्पराओं से अलग, पूर्वोत्तर भारत में रामकथा का विकास मुख्यतः तीन धाराओं के माध्यम से हुआ—शास्त्रीय वैष्णव साहित्य, दक्षिण-पूर्व एशिया से पहुँची थेरवाद बौद्ध परम्पराएँ और स्थानीय समुदायों की मौखिक लोककथाएँ।

शास्त्रीय एवं साहित्यिक रामकथा परम्पराएँ

असम — सप्तकाण्ड रामायण (14वीं शताब्दी)

माधव कंदली, जिन्हें ‘असम का कालिदास’ कहा जाता है, ने बराही कछारी राजा महामाणिक्य के संरक्षण में सप्तकाण्ड रामायण की रचना की।  इसे वाल्मीकि रामायण का किसी आधुनिक भारतीय क्षेत्रीय भाषा में किया गया सबसे प्राचीन अनुवाद माना जाता है।

माधव कंदली ने इस रामकथा के पात्रों को मानवीय भावनाओं के साथ प्रस्तुत किया। उनकी रचना में श्रीराम और माता सीता के चरित्र के साथ असम की स्थानीय संस्कृति, रीति-रिवाजों, वनस्पतियों और लोकभाषा की झलक भी दिखाई देती है।

इस ग्रंथ के आरम्भिक आदिकाण्ड और अंतिम उत्तरकाण्ड उपलब्ध नहीं थे। बाद में सोलहवीं शताब्दी में वैष्णव संत श्रीमंत शंकरदेव और माधवदेव ने इन दोनों काण्डों की पूर्ति की। उनके योगदान से इस रामकथा में भक्ति-भाव का भी समावेश हुआ।

गीतिरामायण — दुर्गाबर कायस्थ (16वीं शताब्दी) :

कवि दुर्गाबर कायस्थ ने माधव कंदली की रामायण को गीतों का रूप दिया, जिन्हें विशेष रूप से असम की पारम्परिक ओजापाली लोक-प्रस्तुतियों में गाया जाता था। ओजापाली एक लोककला शैली है, जिसमें गायन, नृत्य, अभिनय और संवाद के माध्यम से कथाएँ प्रस्तुत की जाती हैं। गीतिरामायण में कथा के भावनात्मक पक्ष पर विशेष ध्यान दिया गया है, विशेषकर माता सीता के दुःख, विरह और प्रतीक्षा को मार्मिक ढंग से अभिव्यक्त किया गया है।

मणिपुरी (मैतेई) रामायण :

अठारहवीं शताब्दी में राजा गरीब निवाज (पाम्हेइबा) के शासनकाल के दौरान, राजदरबार के कवि, अंगोम गोपी, ने बंगाली कृत्तिवासी रामायण का मणिपुरी भाषा में अनुवाद किया। यह रचना पारम्परिक मैतेई लिपि में लिखी गई थी। इसमें स्थानीय मणिपुरी मुहावरों, राजदरबार की परम्पराओं, मैतेई संस्कृति और वहाँ की वीरता एवं युद्ध-कला से जुड़ी परम्पराओं की झलक मिलती है।

त्रिपुरा — कोकबोरोक परम्परा में रामकथा :

15वीं शताब्दी से ही त्रिपुरा के राजपरिवार माणिक्य वंश ने बंगाली और संस्कृत साहित्य को संरक्षण एवं प्रोत्साहन दिया, जिससे यहाँ रामायण की स्थानीय लोक एवं लिखित परम्पराओं को आकार मिला। बंगाली कृत्तिवासी रामायण ने त्रिपुरी भाषा कोकबोरोक (तिब्बती-बर्मी भाषा परिवार से संबंधित, त्रिपुरी जनजातीय समुदाय द्वारा बोली जाने वाली भाषा) में रामकथा के वर्णन को प्रभावित किया। त्रिपुरा में रामायण पर आधारित लोककलाओं की परम्पराएँ भी विकसित हुईं, जिनमें राम पांचाली (गीतों के माध्यम से कथा-वर्णन), रामायण पाला कीर्तन (सामूहिक कीर्तन एवं गायन) और कथामोस (मौखिक कथा-वाचन) प्रमुख हैं।

 बौद्ध रामकथा परम्पराएँ (दक्षिण-पूर्व एशिया का प्रभाव)

पूर्वोत्तर भारत के ताई-बौद्ध समुदाय रामकथा की परम्परा को ऐसे विभिन्न रूपों में संरक्षित रखते हैं, जिन पर दक्षिण-पूर्व एशिया की थाई और म्यांमार की रामकथा परम्पराओं तथा बौद्ध जातक कथाओं का गहरा प्रभाव दिखाई देता है।

समुदाय / क्षेत्र 

रामायण की परंपरा 

कहानी का क्रम 

|ताई-खामती (अरुणाचल प्रदेश और असम में थेरवाद बौद्ध धर्म को मानने वाला समुदाय) |

लिक चाओ लामांग  - “श्रीराम के अवतार की कथा” अथवा “श्रीराम काव्य”।

इसमें श्रीराम को एक बोधिसत्त्व अर्थात् बुद्ध के पूर्व जन्म के रूप में प्रस्तुत किया गया है। कथा का आधार बौद्ध धर्म के सिद्धांतों (धम्म) और जातक कथाओं की परम्परा पर आधारित है।

ताई-फाके (असम)

ताई-फाके रामायण अथवा लामा मंग (रामायण)

श्रीराम को बोधिसत्त्व के रूप में प्रस्तुत किए जाने के प्रमाण मिलते हैं, लेकिन ताई-फाके रामायण के किसी विशिष्ट नाम या पांडुलिपि की प्रामाणिक पुष्टि स्पष्ट रूप से नहीं होती।

 स्थानीय जनजातीय एवं लोक परम्पराएँ 

पूर्वोत्तर भारत में रामायण की परम्पराएँ मुख्यतः लोककला और मौखिक कथा-वाचन के माध्यम से आज भी जीवित हैं। मणिपुर में वारी-लीबा (कथा-वाचन), पेना-सक्पा (लोकगीत एवं गाथा गायन), खोंगजोम पर्व (ढोलक के साथ कथा-गायन) और जात्रा (लोकनाट्य) जैसी विधाओं में कृत्तिवासी रामायण पर आधारित रामकथा का वर्णन मिलता है।

असम में कार्बी सबिन अलुन को लुन्से (पारम्परिक लोकगायक) द्वारा तीन दिनों तक गाया जाता है, जबकि राम-लखन आतोमो (श्रीराम और श्रीलक्ष्मण की कथा) में रामकथा को गद्य रूप में प्रस्तुत किया गया है। इसी प्रकार, मिजोरम की मौखिक लोकपरम्परा में खेना लेह रामाते उनाने थॉन थू के माध्यम से श्रीराम की कथा संरक्षित है।

तुलसी अपने राम को रीझ भजो कै खीज।
उलटो-सूधो उगि है खेत परे कौ बीज॥
बनें सो रघुबर सों बनें, कै बिगरे भरपूर।
तुलसी बने जे और सो, ता बनिबे में धूर॥ 

                                                                    — मैथिलीशरण गुप्त, साकेत, 'समर्पण' खंड

“अपने आराध्य श्रीराम का भजन प्रेमपूर्वक करो या रूठकर, प्रसन्न होकर करो या नाराजगी में—उनका स्मरण कभी व्यर्थ नहीं जाता। जैसे खेत में पड़ा बीज सीधा गिरे या उल्टा, समय आने पर अंकुरित हो ही जाता है, उसी प्रकार भगवान का स्मरण किसी भी भाव से किया जाए, वह अपना फल अवश्य देता है। यदि संबंध बनाना है, तो श्रीराम से ही बनाओ और यदि उनसे रूठना भी हो, तो पूरी तरह उन्हीं से रूठो। उनके अतिरिक्त किसी और के पीछे भटकने से कुछ प्राप्त नहीं होगा।’’  

                                                  !! बोलो सियावर रामचंद्र की जय !! 

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

आपकी पावन आध्यात्मिक यात्रा से जुड़ी जिज्ञासाओं के समाधान

आध्यात्म रामायण क्या है ?

आध्यात्म रामायण संस्कृत भाषा में रचित एक धार्मिक ग्रंथ है, जो ब्रह्माण्ड पुराण का हिस्सा है। इसमें भगवान श्रीराम को परब्रह्म परमात्मा के रूप में प्रस्तुत किया गया है और रामकथा के माध्यम से भक्ति एवं आध्यात्मिक ज्ञान का वर्णन मिलता है।

हनुमद् रामायण क्या है?

हनुमद् रामायण वह रामायण है जिसके बारे में मान्यता है कि उसे हनुमान जी ने स्वयं रचा था। कथा के अनुसार उन्होंने श्रीराम के पूरे जीवन को हिमालय की शिलाओं पर अपने नखों से लिखा था। जब महर्षि वाल्मीकि ने उसे देखा, तो उन्हें लगा कि इतनी सुंदर रचना के सामने उनकी रामायण फीकी पड़ जाएगी। यह जानकर हनुमान जी ने वाल्मीकि जी का मान रखने के लिए अपनी रचना समुद्र में डाल दी। माना जाता है कि उसके जो अंश बचे, वे ही आज हनुमन्नाटक (महानाटक) के नाम से प्रसिद्ध हैं, जो संस्कृत में नाटक के रूप में श्रीराम की कथा कहता है।

रामायण कब घटित हुई थी?

सनातन धर्म में समय को चार युगों में विभाजित किया गया है: सतयुग, त्रेतायुग, द्वापरयुग और कलियुग। रामायण की घटनाएँ त्रेतायुग (दूसरे युग) में घटित हुई थीं।

रामायण में कितने कांड हैं?

वाल्मीकि रामायण में कुल सात कांड हैं, जिनमें लगभग 24,000 श्लोक हैं। ये सात कांड हैं: बालकांड, अयोध्याकांड, अरण्यकांड, किष्किंधाकांड, सुंदरकांड, युद्धकांड और उत्तरकांड।

Back to blog

Leave a comment

Comments (0)

No comments yet. Be the first to share your thoughts.