कार्तिक पूर्णिमा, 2026: महत्व, पौराणिक कथा और उत्सव
त्वरित परिचय:त्वरित परिचय: कार्तिक पूर्णिमा हिन्दू धर्म का एक अत्यंत पवित्र पर्व है, जो वर्ष 2026 में 24 नवम्बर, मंगलवार को मनाया जाएगा। इस दिन भगवान शिव की त्रिपुरासुर पर विजय की स्मृति में देव दीपावली मनाई जाती है। काशी के गंगा घाटों पर लाखों दीप जलाकर दीपदान और विशेष गंगा आरती की जाती है। इस पर्व का सम्बन्ध धार्मिक मान्यताओं, पवित्र स्नान, दान-पुण्य और दीपोत्सव से है। भारत के विभिन्न क्षेत्रों में इसे अलग-अलग परंपराओं के साथ मनाया जाता है।
काशी के घाटों पर हज़ारों दीप जगमगा रहे हैं और गंगा की लहरें उनकी सुनहरी रोशनी से चमक उठी हैं। मंदिरों में गूंजते मंत्र और घंटियों की मधुर ध्वनि वातावरण को भक्तिमय बना रही है। श्रद्धालु पूरे भाव से घाट की और दीपदान के लिए बढ़ रहे हैं। क्या कुछ विशेष है इस दिन ? जी हाँ, यह कार्तिक पूर्णिमा का पावन अवसर है और इस दिन देव दीपावली भी मनायी जाति है, चंद्रमा की पूर्ण कलाएँ न केवल नदियों के जल को अपनी आभा से आकर्षित करती है बल्कि हजारों भक्तों के मन को भी आनंदित करती हैं।
आइए, इस लेख में जानते हैं कि देव दीपावली क्यों मनाई जाती है, शास्त्रों में इस पर्व का क्या महत्त्व बताया गया है और देश के विभिन्न हिस्सों में इसे किस प्रकार मनाया जाता है।
मुख्य बातें :
- क्यों है कार्तिक पूर्णिमा खास?
- देव दीपावली क्या है?
- भारत के अलग-अलग हिस्सों में कैसे मनाई जाती है कार्तिक पूर्णिमा?
क्यों है कार्तिक पूर्णिमा खास?
कार्तिक पूर्णिमा हिन्दू धर्म की पवित्र तिथियों में से एक है। इसका महत्व अनेक पौराणिक कथाओं और धार्मिक परम्पराओं से जुड़ा हुआ है।
शिव पुराण की रुद्र संहिता, युद्ध खंड (अध्याय 1–10) के अनुसार, तारकासुर के तीन पुत्र थे—तारकाक्ष, कमलाक्ष और विद्युन्माली। उन्होंने कठोर तपस्या से भगवान ब्रह्मा को प्रसन्न कर तीन अभेद्य नगरों का वरदान प्राप्त किया। इनमें एक स्वर्ण, दूसरा रजत (चाँदी) और तीसरा लौह नगर था। ये तीनों नगर आकाश में विचरण करते थे और एक हजार वर्ष में केवल एक बार एक सीध में आते थे। धीरे-धीरे तीनों असुर अत्याचारी हो गए और देवताओं तथा ऋषियों को कष्ट देने लगे।
उनके अत्याचारों से मुक्ति दिलाने के लिए भगवान शिव ने उनका वध करने का संकल्प लिया। समस्त देवताओं की शक्तियों से एक दिव्य रथ तैयार किया गया। जब तीनों नगर एक सीध में आए, तब भगवान शिव ने एक ही बाण से तीनों का विनाश कर दिया। इस विजय के कारण वे त्रिपुरारि या त्रिपुरांतक कहलाए। मान्यता है कि इसी घटना की स्मृति में कार्तिक पूर्णिमा को त्रिपुरारी पूर्णिमा मनाई जाती है।
लोकमान्यता में इस तिथि का सम्बन्ध भगवान विष्णु के मत्स्य अवतार से भी जोड़ा जाता है। श्रीमद्भागवत महापुराण (8.24) की कथा के अनुसार भगवान विष्णु ने मत्स्य रूप धारण कर नैमित्तिक प्रलय के समय राजर्षि सत्यव्रत (वैवस्वत मनु) की रक्षा की। हालांकि, मूल ग्रन्थों में इस अवतार को कार्तिक पूर्णिमा से जोड़ने का स्पष्ट प्रमाण नहीं मिलता। इसके अतिरिक्त, उत्तर भारत में प्रबोधिनी एकादशी से आरम्भ हुए तुलसी विवाह के उत्सव कार्तिक पूर्णिमा तक सम्पन्न होते हैं।
इस प्रकार, कार्तिक पूर्णिमा शैव और वैष्णव परम्पराओं सहित भारत की विविध धार्मिक मान्यताओं का संगम है।
कार्तिक पूर्णिमा 2026 : तिथि एवं शुभ मुहूर्त
साल 2026 में कार्तिक पूर्णिमा का पावन पर्व मंगलवार, 24 नवम्बर 2026 को मनाया जाएगा।
कार्तिक पूर्णिमा 2026 के तिथि एवं चन्द्रोदय का समय इस प्रकार है :
- दिन : मंगलवार, 24 नवम्बर 2026
- पूर्णिमा तिथि प्रारम्भ : 23 नवम्बर 2026, रात्रि 11:42 बजे
- पूर्णिमा तिथि समाप्त : 24 नवम्बर 2026, रात्रि 08:23 बजे
- पूर्णिमा के दिन चन्द्रोदय : शाम 05:01 बजे
देव दीपावली क्या है?

दीपावली के पन्द्रह दिन बाद, कार्तिक पूर्णिमा को काशी में एक बार फिर से और दीपोत्सव मनाया जाता है, जिसे देव दीपावली कहते हैं। ‘देव दीपावली’ का शाब्दिक अर्थ है—देवताओं की दीपावली। कार्तिक पूर्णिमा पर भगवान शिव की त्रिपुरासुर पर विजय के उत्सव में देवताओं ने काशी आकर गंगा स्नान किया और दीप जलाकर उनकी आराधना की। इस दिन को त्रिपुरी पूर्णिमा या त्रिपुरारी पूर्णिमा के नाम से भी जाना जाता है।
आज भी काशी में इस अवसर पर गंगा के घाटों को असंख्य दीपों से सजाया जाता है। दशाश्वमेध घाट से लेकर राजघाट तक दीपों की पंक्तियाँ गंगा की लहरों में प्रतिबिम्बित होकर अद्भुत दृश्य प्रस्तुत करती हैं। मंदिरों में विशेष पूजा होती है और गंगा आरती के साथ पूरा नगर दीपमय हो उठता है।
भारत के अन्य स्थानों में कैसे मनाई जाती है कार्तिक पूर्णिमा?
कार्तिक पूर्णिमा का उत्सव भारत के अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी विशिष्ट धार्मिक और सांस्कृतिक परम्पराओं के साथ मनाया जाता है। कहीं पवित्र सरोवरों में स्नान होता है, कहीं नदियों में छोटी नौकाएँ प्रवाहित की जाती हैं, तो कहीं मंदिरों में दीपमालाएँ सजाई जाती हैं।
- पुष्कर, राजस्थान — पुष्कर में कार्तिक पूर्णिमा का विशेष महत्व है। मान्यता है कि भगवान ब्रह्मा ने यहाँ यज्ञ किया था। इस अवसर पर श्रद्धालु पुष्कर सरोवर में पवित्र स्नान करते हैं और भगवान ब्रह्मदेव के मंदिर में दर्शन करते हैं। इसी समय प्रसिद्ध पुष्कर मेला भी आयोजित होता है, जिसमें ऊँटों का मेला और राजस्थानी लोकसंस्कृति की झलक देखने को मिलती है।
- ओडिशा — यहाँ कार्तिक पूर्णिमा को बोइत बन्दना के रूप में मनाया जाता है। लोग केले के तने और कागज़ से बनी छोटी-छोटी नौकाएँ जल में प्रवाहित कर प्राचीन कलिंग के समुद्री व्यापारियों की यात्राओं को याद करते हैं। कटक की प्रसिद्ध बाली यात्रा भी कलिंग के प्राचीन समुद्री व्यापार और यात्राओं की इसी परंपरा की याद दिलाती है।
- बंगाल, असम और मणिपुर — इन क्षेत्रों में कार्तिक पूर्णिमा के आसपास रास उत्सवों की विशेष छटा देखने को मिलती है। भगवान श्रीकृष्ण की रासलीला का मंचन, पारम्परिक नृत्य और धार्मिक मेले इस उत्सव को जीवंत बनाते हैं।
- महाराष्ट्र — यहाँ इसे त्रिपुरी पौर्णिमा कहते हैं। शिव मंदिरों में विशेष पूजा होती है और ऊँची पत्थर की दीपमालाओं पर सैकड़ों दीप प्रज्वलित किए जाते हैं।
-
तमिलनाडु — यहाँ कार्तिक मास में कार्तिगै दीपम मनाया जाता है। तिरुवण्णामलै की पहाड़ी पर प्रज्वलित विशाल अरुणाचल महादीप भगवान शिव के अनन्त अग्नि स्वरूप का प्रतीक है। यह उत्सव कार्तिक पूर्णिमा से अलग तिथि पर भी पड़ सकता है।
- आन्ध्र प्रदेश और तेलंगाना — कार्तिक मास में शिव मंदिरों और नदियों के तटों पर दीपदान, पवित्र स्नान और विशेष पूजा की परम्परा है। कार्तिक पूर्णिमा पर भी कई स्थानों पर दीपोत्सव आयोजित होते हैं।
- पंजाब — इस दिन सिख धर्म के प्रथम गुरु, गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व मनाया जाता है। गुरुद्वारों में कीर्तन, अखण्ड पाठ, नगर कीर्तन और लंगर के आयोजन होते हैं।
- गुजरात — पालिताणा के शत्रुंजय पर्वत पर कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर जैन श्रद्धालु तीर्थयात्रा करते हैं। भगवान आदिनाथ के दर्शन और पर्वत की पैदल यात्रा को विशेष पुण्यदायी माना जाता है।
-
मध्य प्रदेश - मध्य प्रदेश के ओंकारेश्वर में कार्तिक पूर्णिमा को पंचक्रोशी यात्रा और दीपदान के साथ मनाया जाता है। यह यात्रा देव उठनी एकादशी से शुरू होकर लगभग 50 किलोमीटर का पैदल चक्र पूरा करती है, और पूर्णिमा को ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन तथा ओंकार पर्वत की परिक्रमा के साथ समाप्त होती है।
पूर्णिमा की शाम को कोटीतीर्थ घाट पर श्रद्धालु नर्मदा में दीप प्रवाहित करते हैं। यह दीपदान केवल एक अनुष्ठान नहीं, बल्कि माँ नर्मदा को समर्पण और कृतज्ञता का प्रतीक है।
इस प्रकार, कार्तिक पूर्णिमा भारत की विविध धार्मिक और सांस्कृतिक परम्पराओं को एक सूत्र में पिरोती है।
कार्तिक पूर्णिमा केवल दीप जलाने, स्नान करने या पूजा-पाठ करने का पर्व नहीं, बल्कि भारत की समृद्ध आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत का उत्सव है।
कार्तिक पूर्णिमा हमें याद दिलाती है कि दीप का वास्तविक अर्थ केवल बाहर उजाला करना नहीं, बल्कि अपने भीतर भी श्रद्धा, करुणा और सद्भाव का प्रकाश जगाना है।
Leave a comment
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts.
Related Articles
रामायण : कथा एक, स्वर अनेक
देवउठनी एकादशी 2026: जानें तिथि, शुभ मुहूर्त और तुलसी विवाह का महत्व
छठ पूजा 2026 : सूर्योपासना की सनातन परम्परा
भगवान विष्णु के 10 अवतार: दशावतार की संपूर्ण कथा