भगवान विष्णु के 10 अवतार: दशावतार की संपूर्ण कथा

भगवान विष्णु के 10 अवतार: दशावतार की संपूर्ण कथा

Published: November 09, 2026 Last Updated: November 10, 2026

त्वरित परिचय:भगवान विष्णु के दस प्रमुख अवतारों को दशावतार कहा जाता है। जब-जब पृथ्वी पर अधर्म बढ़ता है और धर्म की हानि होती है, तब भगवान विष्णु धर्म की रक्षा, भक्तों के कल्याण और सृष्टि का संतुलन बनाए रखने के लिए विभिन्न रूपों में अवतरित होते हैं। उनके दस अवतार हैं—मत्स्य, कूर्म, वराह, नरसिंह, वामन, परशुराम, श्रीराम, श्रीकृष्ण, बुद्ध और कल्कि। प्रत्येक अवतार की अपनी विशेष कथा, उद्देश्य और आध्यात्मिक संदेश है। इस लेख में आप भगवान विष्णु के 10 अवतारों की कथाएँ, उनके अवतरण के कारण, संबंधित युग, धार्मिक महत्व और भगवान विष्णु के 24 प्रमुख अवतारों के बारे में विस्तार से जानेंगे।

तस मैं सुमुखि सुनावउँ तोही। समुझि परइ जस कारन मोही॥
जब जब होइ धरम कै हानी। बाढहिं असुर अधम अभिमानी॥ 

करहिं अनीति जाइ नहिं बरनी। सीदहिं बिप्र धेनु सुर धरनी॥
तब तब प्रभु धरि बिबिध सरीरा। हरहि कृपानिधि सज्जन पीरा॥

                 ( भगवान शिव-माता पार्वती संवाद, बालकाण्ड - श्री रामचरित मानस) 

“जब-जब धर्म की हानि होती है, अहंकारी और दुष्टों का अत्याचार बढ़ता है तथा सज्जन, ब्राह्मण, गौ और धरती दुखी होते हैं, तब-तब कृपा के सागर प्रभु विभिन्न रूपों में अवतार लेकर उनके कष्ट दूर करते हैं।’’

कल्पना कीजिए उस क्षण की, जब धर्म डगमगाने लगे, अन्याय अपनी सीमाएँ लाँघ जाए और सत्य की आवाज़ दबने लगे। जब सृष्टि के संतुलन पर संकट हो और भक्त अपने आराध्य की ओर आशा से देख रहे हों। 

क्या तब भी भगवान अपने भक्तों से दूर रहते हैं? उत्तर है—नहीं। 

जब-जब पृथ्वी पर संकट आया, अपने भक्तों के कल्याण और धर्म की रक्षा के लिए जगत के पालनहार श्रीविष्णु ने अवतार लिया। कभी महाप्रलय के समय एक सूक्ष्म मछली के रूप में (मत्स्य अवतार), तो कभी पृथ्वी को अपने दाँतों पर उठाने वाले विराट वराह के रूप में (वराह अवतार)। कभी भक्त की पुकार पर स्तंभ से प्रकट हुए (नृसिंह अवतार), तो कभी धर्म और कर्म का मार्ग दिखाने के लिए श्रीकृष्ण के रूप में अवतरित हुए। 

विष्णुः (विष्णु सहस्रनाम श्लोक १, नाम संख्या २) अर्थात् वे सर्वव्यापक हैं, फिर भी भक्तों के कल्याण के लिए विविध रूप धारण करते हैं। वे अजन्मे हैं, फिर भी मानवता के कल्याण के लिए अवतार लेते हैं। 

इस ब्लॉग में हम भगवान विष्णु के दशावतारों के बारे में जानेंगे। साथ ही, उनके अवतरण के रहस्य और प्रत्येक अवतार से मिलने वाले संदेश को भी समझेंगे। आइए, दशावतार की इस अद्भुत यात्रा का आरंभ करें। 

मुख्य बातें : 

अवतार क्या हैं? 

‘अवतार’ शब्द का मर्म है—‘अव + तृ’, अर्थात् अवतरित होना या किसी विशेष प्रयोजन से प्रकट होना। सनातन धर्म में भगवान विष्णु के अवतार इसी दिव्य लीला के प्रतीक हैं। स्वयं ‘विष्णु’ नाम विष्लृ धातु से बना है, जिसका अर्थ है—जो सर्वत्र व्याप्त हैं। जब वे धर्म की रक्षा और सृष्टि के संतुलन के लिए विभिन्न रूपों में प्रकट होते हैं, तो उनके इन दिव्य स्वरूपों को अवतार कहा जाता है। 

शास्त्रों में अवतार के प्रकार  

गर्ग संहिता, गोलोक खण्ड (1.1.15–25) के अनुसार इसे छह श्रेणियों में रखा गया है—अंशांश, अंश, आवेश, कला, पूर्ण और परिपूर्णतम।  इसे सूर्यदेव के उदाहरण से समझा जा सकता है: सूर्य की एक किरण कला है, आंशिक प्रकाश अंश है, और पूरा सूर्य पूर्ण है। इसी प्रकार भगवान की शक्ति के विभिन्न स्तर अवतारों में प्रकट होते हैं। 

यह वर्गीकरण बताता है कि भगवान ने किस उद्देश्य से और किस स्वरूप में अवतार लिया। 

श्रेणी 

अर्थ 

विशेषता 

भगवान विष्णु के अवतार 

अंशांश 

अंश का अंश 

सृष्टि के संचालन हेतु सूक्ष्म 

प्राकट्य 

मरीचि ऋषि ( ब्रह्मा जी के मानस-पुत्र एवं ऋषि कश्यप के पिता) 

अंश 

भगवान का प्रत्यक्ष आंशिक प्रकट स्वरूप

विशेष कार्य  हेतु 

ब्रह्मा जी  

आवेश 

शक्ति का प्रवेश 

जीव में अपनी शक्ति का संचार करना। 

भगवान परशुराम 

कला 

दिव्य शक्ति/ किरण 

एक विशेष शक्ति का प्रकट होना

कपिल मुनि , कूर्म अवतार

पूर्ण

पूर्ण प्राकट्य 

भगवान का प्रत्यक्ष संपूर्ण स्वरूप

भगवान नृसिंह, श्रीराम

परिपूर्णतम

साक्षात् भगवान

स्वयं भगवान 

श्री कृष्ण 

दशावतार की कथा क्या है ? 

श्रीमद् भागवतम, गर्ग संहिता एवं अन्य वैष्णव शास्त्रों में भगवान विष्णु के अनेक अवतारों का वर्णन है। उनमें दशावतार की परंपरा विशेष रूप से प्रसिद्ध है। मत्स्य से आरंभ होकर कूर्म, वराह, नृसिंह, वामन, परशुराम, श्रीराम, श्रीकृष्ण और बलराम  होते हुए कल्कि तक पहुँचने वाली यह यात्रा केवल दस दिव्य स्वरूपों का परिचय नहीं है। यह एक ऐसी गाथा है, जिसके एक पृष्ठ पर इतिहास है, दूसरे पर ब्रह्माण्ड।  

महाभारत के ‘शान्ति पर्व’ में वर्णित प्रसिद्ध नारायणीय उपाख्यान में भगवान नारायण देवर्षि नारद को अपने दस प्रमुख अवतारों का परिचय देते हैं।

इसमें भगवान विष्णु के दशावतारों की गणना हंस अवतार से आरम्भ होती है। इसके पश्चात कूर्म, मत्स्य, वराह, नरसिंह, वामन,  भार्गव राम (परशुराम), दाशरथि राम, श्रीकृष्ण और भविष्य में प्रकट होने वाले कल्कि अवतार का उल्लेख आता है।महाभारत के विभिन्न प्रसंगों में भगवान विष्णु के चार, छह अथवा अन्य संक्षिप्त अवतारों के भी वर्णन मिलते हैं।  

भगवान विष्णु के 10 अवतार कौन-कौन से हैं ?  

 दक्षिण भारतीय वैष्णव परंपराओं विशेषतः अयंगर (रामानुज संप्रदाय) के अनुसार भगवान विष्णु के दस अवतार।  

(1) मत्स्य अवतार  

( मत्स्य अवतार के रूप में भगवान विष्णु ) 

श्रीमद्भागवत महापुराण  (8.24) के अनुसार, एक दिन राजा सत्यव्रत, जो आगे चलकर सातवें मनु, वैवस्वत मनु के नाम से प्रसिद्ध हुए। नदी में अर्घ्य अर्पित कर रहे थे। तभी उनकी अंजलि में एक छोटी-सी मछली आ गई। मछली ने मानो उनसे अपने प्राणों की रक्षा की याचना की। राजा का हृदय करुणा से भर उठा। उन्होंने उसे अपने कमंडल में रख लिया। लेकिन वह इतनी शीघ्रता से बढ़ने लगी कि कमंडल छोटा पड़ गया। 

राजा ने उसे बड़े पात्र में रखा, फिर सरोवर में और अंततः समुद्र में छोड़ने का प्रयास किया। परंतु मछली का विराट स्वरूप देखकर उन्हें अनुभव हुआ कि यह कोई साधारण जीव नहीं, बल्कि स्वयं भगवान विष्णु हैं। 

तब भगवान ने राजा को आने वाले प्रलय की सूचना दी और निर्देश दिया कि वे एक नौका तैयार रखें, जिसमें सप्तर्षियों तथा समस्त जीव-जगत के बीजों की रक्षा की व्यवस्था हो। जब प्रलय आया और प्रचंड लहरों ने संसार को घेर लिया, तब भगवान मत्स्य अवतार में प्रकट हुए। नौका को उनके दिव्य स्वरूप से बाँधा गया और वे उसे उफनते जल के बीच सुरक्षित मार्ग पर ले चले। इस प्रकार सृष्टि के पुनः आरंभ होने के लिए आवश्यक जीवन और ज्ञान की रक्षा हुई। 

(2) कूर्म अवतार — जब भगवान विष्णु ने धारण किया समुद्र मंथन का भार  

( कूर्म अवतार में मदराचल पर्वत को धारण किए हुए  भगवान विष्णु) 

 बात है समुद्र मंथन की श्रीमद् भागवत महापुराण  (8.7.9) के अनुसार जब देवताओं और असुरों ने मंदराचल पर्वत को मथनी बनाकर क्षीरसागर का मंथन आरंभ किया, तब पर्वत समुद्र में डूबने लगा। तभी भगवान विष्णु ने विशाल कच्छप (कछुआ), अर्थात् कूर्म, का रूप धारण किया। वे समुद्र की गहराइयों में उतरे और अपनी विशाल पीठ पर मंदराचल पर्वत को धारण कर लिया। अब पर्वत को स्थिर आधार मिल चुका था। वासुकि नाग की रस्सी से मंथन फिर आरंभ हुआ। एक-एक करके हलाहल विष और अनेक दिव्य रत्न प्रकट हुए। अंततः अमृत कलश भी सामने आया। विष्णु सहस्रनाम में भगवान का एक नाम है—‘भूतभृत्’ (छठवाँ नाम)  अर्थात् समस्त प्राणियों को धारण करने और उनका पालन करने वाले। कूर्म अवतार में भगवान विष्णु का यही भाव साकार होता दिखाई देता है। उन्होंने स्वयं आधार बनकर मंदराचल को संभाला और देवताओं तथा असुरों के समुद्र-मंथन में सहायक बने।  

(3) वराह अवतार — जब भगवान विष्णु भूदेवी को वापस लाए 

( वराह अवतार में भूदेवी की रक्षा ) 

महावराहः ( विष्णु सहस्रनाम श्लोक 58, नाम 542),  महान वराह रूप धारण करने वाले। 

श्रीमद्भागवत महापुराण ( 3.13.17-19) के अनुसार जब असुर हिरण्याक्ष ने अपनी शक्ति के अहंकार में पृथ्वी को रसातल में पहुँचा दिया, तब समस्त सृष्टि का संतुलन संकट में पड़ गया। भूदेवी (धरती माता), जो असंख्य प्राणियों का आश्रय हैं, स्वयं असहाय हो गईं। देवताओं की प्रार्थना पर भगवान विष्णु ने वराह, अर्थात् दिव्य शूकर, का रूप धारण किया।

भगवान का यह स्वरूप अद्भुत था—विशाल शरीर, तेजस्वी नेत्र और पर्वतों को भी कंपा देने वाला दिव्य पराक्रम। वे गर्जना करते हुए गहरे जल में उतरे और अपनी दाढ़ों पर पृथ्वी को धारण कर ऊपर उठाने लगे। हिरण्याक्ष ने उनका मार्ग रोकने का प्रयास किया। भगवान वराह और हिरण्याक्ष के मध्य भयंकर युद्ध हुआ और अंततः भगवान ने उसका वध कर भूदेवी मुक्त कराया।

इसके बाद भगवान ने भूदेवी को पुनः स्थापित किया। 

(4) नृसिंह अवतार — जब स्तंभ से प्रकट हुए भगवान 

( नृसिंह अवतार में हिरण्यकशिपु का वध करते हुए भगवान विष्णु ) 

“नारसिंहवपुः”- जिनका शरीर (वपु) आधा सिंह और आधा मनुष्य का है।’’ ( विष्णु सहस्रनाम श्लोक 3, नाम 21)  

श्रीमद्भागवत महापुराण, सप्तम स्कंध, अध्याय 8, श्लोक (12–19, 29; अध्याय 9, श्लोक 1–6, 51)। के अनुसार 

हिरण्यकशिपु, जो हिरण्याक्ष का भाई था, अपने भाई की मृत्यु का बदला लेने के लिए कठोर तपस्या करने लगा। उसने ब्रह्मा जी से ऐसा वरदान प्राप्त किया, जिसके अनुसार न कोई मनुष्य, न पशु और न ही राक्षस उसका वध कर सकता था।

उसे विश्वास हो गया कि अब उसे कोई मार नहीं सकता। शक्ति और प्रतिशोध की अग्नि में डूबकर उसने अपने राज्य में भगवान विष्णु की भक्ति पर प्रतिबंध लगा दिया। 

लेकिन उसके पुत्र प्रह्लाद के हृदय में भगवान विष्णु के प्रति अटूट प्रेम था। हिरण्यकशिपु ने अनेक बार प्रहलाद को भयभीत किया, समझाया और मृत्यु तुल्य कष्ट भी दिया, फिर भी प्रह्लाद का विश्वास नहीं डिगा सका। 

एक दिन हिरण्यकशिपू ने क्रोध में आकर कहा “जिस विष्णु को तुम सर्वत्र उपस्थित मानते हो, क्या वह इस स्तंभ में भी है?”। प्रह्लाद ने शांत भाव से उत्तर दिया, “हाँ, वे यहाँ भी हैं।’’ 

हिरण्यकशिपु ने क्रोध से स्तंभ पर प्रहार किया। उसी क्षण उसमें से एक अद्भुत स्वरूप प्रकट हुआ—न पूर्ण मनुष्य, न पूर्ण पशु; सिंहमुख और मानव शरीर वाले भगवान नरसिंह। भगवान विष्णु का एक नाम है “सर्वः’’ ( विष्णु सहस्रनाम श्लोक 4,नाम 25) अर्थात् ‘सर्वव्यापी’ जो सभी स्थान में उपस्थित हैं। 

संध्या के समय, महल की देहरी पर, उन्होंने हिरण्यकशिपु को अपनी गोद में रखकर अपने नुकीले नखों से उसका वध कर दिया। भगवान का उग्र स्वरूप इतना भयंकर था की उन्हें शांत कर सकने की विनती भी कोई देवी-देवता ना कर सके, इसलिए जिस भक्त के लिए भगवान ने अवतार लिया उन्ही से विनती की गई भगवान को शांत करने की। भक्तवत्सल ( विष्णु सहस्रनाम नाम संख्या 736) भगवान नरसिंह शीघ्र ही शांत हो गए, प्रह्लाद को अपनी गोद में बिठाया और दुलार करने लगे। 

(5) वामन अवतार — जब तीन पगों में समा गया समस्त ब्रह्मांड

( वामन अवतार में राजा बलि का अहंकार नष्ट करते हुए भगवान विष्णु ) 

वामनः (विष्णु सहस्रनाम श्लोक 17, नाम 154) अर्थात् बौने ब्राह्मण का रूप धारण करने वाले। 

श्रीमद्भागवत महापुराण (8.20.21–34; 8.22.1–5, 31–35) के अनुसार,  राजा बलि की परीक्षा लेने और उनके अहंकार को तोड़ने के लिए भगवान ने यह स्वरूप धारण किया था। राजा बलि पराक्रमी, दानी और उदार थे। उन्होंने अपने बल और तप के प्रभाव से तीनों लोकों पर अधिकार कर लिया था। देवताओं ने भगवान विष्णु से सहायता की प्रार्थना की। तब भगवान विष्णु ने एक छोटे, तेजस्वी ब्रह्मचारी वामन का रूप धारण किया और राजा बलि के यज्ञ में पहुँचे। 

राजा ने उस दिव्य बालक का आदरपूर्वक स्वागत किया और दान माँगने को कहा। ब्रह्मचारी वामन ने केवल तीन पग भूमि माँगी। राजा बलि को यह माँग अत्यंत छोटी लगी। उन्होंने सहजता से वचन दे दिया। तभी बालक वामन का स्वरूप विराट होने लगा। एक पग में उन्होंने पृथ्वी और दूसरे में समस्त स्वर्गलोक नाप लिया। अब तीसरा पग रखने के लिए कोई स्थान शेष नहीं था। 

राजा बलि के सामने अपने वचन की रक्षा का प्रश्न था। उन्होंने अपना सिर झुका दिया और भगवान से तीसरा पग उस पर रखने की प्रार्थना की। भगवान ने उनके समर्पण को स्वीकार किया और उन्हें सुतल लोक का अधिपति बनाया। कथा की परंपराओं में भगवान द्वारा बलि को अपनी विशेष कृपा और संरक्षण प्रदान करने का भी वर्णन मिलता है। 

वामन अवतार की सुंदरता इसी में है कि भगवान ने बलि का केवल अभिमान नहीं तोड़ा, बल्कि उनके दान और वचनपालन का सम्मान भी किया। बलि ने जो कुछ अपना समझा था, अंततः उसी को भगवान के चरणों में अर्पित कर दिया। 

(6) परशुराम अवतार — जब अन्याय के विरुद्ध उठा धर्म का परशु   

( परशुराम अवतार में कार्तवीर्य अर्जुन से युद्ध करते हुए ) 

श्रीमद्भागवत महापुराण: (9.15.12–14, 23–35; 9.16.10–19 ) के अनुसार भगवान विष्णु के छठे अवतार परशुराम ऋषि जमदग्नि और माता रेणुका के पुत्र थे। वे ब्राह्मण कुल में जन्मे, लेकिन उनके हाथों में परशु (फरसा) था और हृदय में धर्म की रक्षा का संकल्प। उनकी कथा उस समय से जुड़ी है, जब कुछ शक्तिशाली क्षत्रिय राजा अपने अधिकार और बल के मद में न्याय की मर्यादा भूलने लगे थे। 

पुराणों के अनुसार, राजा कार्तवीर्य अर्जुन ने ऋषि जमदग्नि के आश्रम में कामधेनु को लेकर विवाद किया और ऋषि के साथ अन्याय हुआ। बाद में भगवान परशुराम के पिता की हत्या कर दी गई। इस घटना से व्यथित भगवान परशुराम ने अत्याचारी क्षत्रियों के विरुद्ध शस्त्र उठाया। पुराणों में उनके द्वारा इक्कीस बार पृथ्वी को क्षत्रिय अत्याचार से मुक्त करने का वर्णन मिलता है। इस प्रसंग को धर्म और सत्ता के दुरुपयोग के विरुद्ध उनके कठोर अभियान के रूप में देखा जाता है। 

परशुराम का जीवन केवल क्रोध और युद्ध की कथा नहीं है। वे महान तपस्वी और शस्त्रविद्या के आचार्य भी माने जाते हैं।महाभारत की परंपरा में भीष्म, द्रोण और कर्ण जैसे योद्धाओं के जीवन से उनका संबंध मिलता है। 

(7)  श्रीराम अवतार — मर्यादा पुरुषोत्तम  

( श्री राम अवतार में सेतुबंधन करते भगवान विष्णु ) 

    राम जन्म के हेतु अनेका। परम विचित्र एक तें एका।। 

                          - ( बाल कांड श्रीरामचरित मानस ) 

“भगवान श्रीराम के जन्म के अनेक कारण हैं। इनमें से प्रत्येक कारण अपने आप में अत्यंत अद्भुत और विलक्षण है।’’

श्रीमद्भागवत महापुराण का नवम स्कंध, अध्याय 10 के अनुसार त्रेतायुग में जब रावण के अत्याचारों से देवता और ऋषि व्याकुल हो उठे, तब भगवान विष्णु ने अयोध्या के राजा दशरथ के घर श्रीराम के रूप में अवतार लिया। उनका जीवन जन्म से ही मर्यादा, कर्तव्य और करुणा का अद्भुत संगम था। राजकुमार होते हुए भी उन्होंने पिता के वचन की रक्षा के लिए सहज भाव से चौदह वर्ष का वनवास स्वीकार कर लिया।  

वन में माता सीता और भ्राता लक्ष्मण के साथ रहते हुए श्रीराम ने ऋषियों की रक्षा की और अनेक संकटों का सामना किया। जब रावण ने छल से माता सीता का हरण किया, तब श्रीराम ने वानरराज सुग्रीव, हनुमान जी और वानर सेना के सहयोग से लंका तक सेतु बनवाया। यह केवल एक युद्ध की तैयारी नहीं थी, बल्कि विश्वास, मित्रता और सामूहिक प्रयास की विजय भी थी।

लंका में श्रीराम और रावण के बीच भयंकर युद्ध हुआ। अंततः रावण का वध हुआ और माता सीता को मुक्त कराया गया। अयोध्या लौटने पर श्रीराम का राज्याभिषेक हुआ। रामराज्य की कल्पना न्याय, लोककल्याण और धर्मपूर्ण शासन के आदर्श से जुड़ गई। 

(8) भगवान बलराम — शक्ति, धैर्य और धर्म के रक्षक

( हलायुध बलराम के रूप में भगवान विष्णु ) 

भगवान विष्णु के दशावतारों में भगवान बलराम शक्ति, धैर्य और धर्म के प्रतीक माने जाते हैं। वे भगवान श्रीकृष्ण के बड़े भाई तथा शेषनाग के अवतार हैं, अतः उन्हें शेषावतार भी कहते हैं। भगवान बलराम को बलभद्र, हलधर और संकर्षण के नाम से भी जाना जाता है। उनके हाथों में सुशोभित हल और मूसल उनके विशिष्ट स्वरूप की पहचान हैं।

पौराणिक कथाओं के अनुसार, उनका जन्म वसुदेव जी और देवकी जी के यहाँ हुआ था। योगमाया ने उन्हें देवकी जी के गर्भ से रोहिणी जी के गर्भ में स्थानांतरित कर दिया था। इसी कारण उनका नाम संकर्षण पड़ा। गोकुल में श्रीकृष्ण के साथ उनका बाल्यकाल बीता। उन्होंने धेनुकासुर और प्रलंबासुर जैसे असुरों का वध कर धर्म की रक्षा की। 

दशावतार की कुछ परंपराओं में नौवें अवतार के रूप में भगवान बुद्ध को स्थान दिया गया है, जबकि कुछ वैष्णव परंपराओं में उनके स्थान पर भगवान बलराम को सम्मिलित किया जाता है। इस क्रम में बलराम जी आठवें और श्रीकृष्ण नौवें अवतार माने जाते हैं।

विष्णु सहस्रनाम में आने वाले नाम जो भगवान के दशावतार से संबंधित हैं, यद्यपि भगवान के अन्य नाम भी हैं जो दशावतार को परिभाषित करते हैं

अवतार 

नाम 

अर्थ 

विष्णु सहस्रनाम -श्लोक / नाम संख्या 

कूर्म 

भूतभृत 

समस्त जीवों के पालक एवं संरक्षक 

श्लोक 1,नाम 6

वराह 

महावराह 

महान वराह ( सुकर) का रूप धारण करने वाले 

श्लोक 58, नाम 542

नृसिंह

नारसिंहवपुः

आधे मनुष्य एवं आधे सिंह 

श्लोक 3, नाम 21 

वामन 

वामन 

बटुक ब्राह्मण के रूप में 

श्लोक 17, नाम 154

बलराम 

संकर्षण 

खींचा जाना या स्थानांतरित करना

श्लोक 59, नाम 550  

श्रीकृष्ण 

कृष्णः 

सबके मन को अपनी ओर खींचने वाले

श्लोक 59,नाम 551

बलराम 

हलायुधः

हल को धारण करने वाले 

श्लोक 62,नाम 562

(9) श्रीकृष्ण अवतार — मनमोहन से योगेश्वर तक

( श्री कृष्ण अवतार में विभिन्न लीलाएँ करते भगवान विष्णु ) 

श्रीमद्भागवत महापुराण: (10.1.1–23; 10.2.1–41; 10.3.1–53।) के अनुसार द्वापर युग में जब पृथ्वी अधर्म और अत्याचार से व्याकुल हो उठी, तब भगवान विष्णु ने देवकी और वसुदेव के पुत्र के रूप में मथुरा की कारागार में श्रीकृष्ण अवतार लिया। कंस के भय से वसुदेव नवजात कृष्ण को यमुना पार गोकुल ले गए, जहाँ नंद बाबा और माता यशोदा ने उनका पालन-पोषण किया। 

गोकुल और वृंदावन में बालकृष्ण ने अपनी मनमोहक लीलाओं से सबका हृदय जीत लिया। कभी वे माखन चुराने वाले नटखट बालक बने, तो कभी पूतना, कालिया नाग और अन्य असुरों का अंत कर भक्तों की रक्षा की। जब इंद्र के प्रकोप से ब्रजवासी संकट में पड़े, तब उन्होंने अपनी छोटी उँगली पर गोवर्धन पर्वत उठाकर सबको आश्रय दिया। 

युवावस्था में भगवान ने मथुरा जाकर अत्याचारी कंस का वध किया और अपने माता-पिता को कारागार से मुक्त कराया। आगे चलकर द्वारका में उन्होंने धर्म और न्याय की स्थापना की। महाभारत के युद्ध में अर्जुन के सारथी बनकर उन्होंने उन्हें श्रीमद्भगवद्गीता का दिव्य ज्ञान दिया। 

श्रीकृष्ण का जीवन प्रेम, भक्ति, कर्म और ज्ञान का अद्भुत संगम है। वे मुरलीधर भी हैं और योगेश्वर भी—भक्तों के हृदय में बसने वाले और संसार को धर्म का मार्ग दिखाने वाले। 

संदर्भ: श्रीमद्भागवत महापुराण, दशम स्कंध; महाभारत, भीष्म पर्व (भगवद्गीता)। 

10. कल्कि अवतार — अधर्म के अंधकार के बाद धर्म की नई सुबह

( कल्कि अवतार में भगवान विष्णु )  

श्रीमद्भागवत महापुराण: (12.2.17–24) के अनुसार भगवान विष्णु का दसवाँ अवतार कल्कि के रूप में भविष्य में प्रकट होगा।  पुराणों के अनुसार, जब कलियुग में अधर्म, अन्याय और अनीति अपनी चरम सीमा पर पहुँच जाएँगे और धर्म का लोप होने लगेगा, तब भगवान विष्णु शम्भल ग्राम में कल्कि रूप में अवतरित होंगे। वे देवदत्त नामक अश्व पर सवार होकर और हाथ में तलवार धारण करके अधर्मियों का संहार करेंगे। उनके अवतार के साथ कलियुग का अंत होगा और पुनः सतयुग का आरंभ होगा।  

भगवान विष्णु के दशावतार और उनके युग

भगवान के दशावतार अलग- अलग युग में प्रकट हुए हैं, प्रत्येक युग में परिस्थिति एवं आवश्यकता  के अनुसार उनका अवतरण हुआ।     

        क्रमांक 

अवतार 

स्वरुप

युग 

संकट/कारण   

1

मत्स्य

मछली

सतयुग 

आने वाला प्रलय

2

कूर्म 

कछुआ

सतयुग 

समुद्र मंथन में मंदराचल का डूबना

3

वराह 

शूकर

सतयुग 

हिरण्याक्ष द्वारा पृथ्वी को रसातल में पहुँचाना

4

नृसिंह 

आधा सिंह, आधा मनुष्य

सतयुग 

हिरण्यकशिपु का अत्याचार

5

वामन 

बटुक (बौने) ब्राह्मण

त्रेतायुग 

राजा बलि का तीनो लोकों पे अधिकार

6

परशुराम 

परशुधारी ऋषिपुत्र 

त्रेतायुग 

अत्याचारी क्षत्रिय राजा 

7

श्रीराम 

राजा दशरथ के पुत्र

त्रेतायुग 

रावण का अत्याचार 

8

 बलराम 

देवकी-वासुदेव के जैविक पुत्र

द्वापरयुग 

अधर्म और कंस का अत्याचार 

9

श्री कृष्ण 

देवकी-वासुदेव के पुत्र 

द्वापरयुग  

अधर्म और कंस का अत्याचार 

10 

कल्कि 

श्वेत अश्व पर तलवारधारी

कलियुग ( भविष्य में ) 

कलियुग में बढ़ता अधर्म 


भगवान विष्णु के 24 अवतार  

श्रीमद्भागवत महापुराण के प्रथम स्कंध के तृतीय अध्याय में सूतजी महाराज ने शौनकादि ऋषियों को भगवान विष्णु के प्रमुख अवतारों का वर्णन सुनाया है। इस अध्याय में भगवान के 22 प्रमुख अवतारों का क्रमबद्ध उल्लेख मिलता है, जिनमें सनकादि कुमार, वराह, नारद, नर-नारायण, कपिल, दत्तात्रेय, यज्ञ, ऋषभदेव, पृथु, मत्स्य, कूर्म, धन्वंतरि, मोहिनी, नृसिंह, वामन, परशुराम, वेदव्यास, श्रीराम, बलराम, श्रीकृष्ण, बुद्ध और कल्कि अवतार सम्मिलित हैं। 

भगवान  के बुद्ध अवतार को लेकर विभिन्न मत प्रचलित हैं। दक्षिण भारतीय आयंगर परंपरा के वैष्णव आचार्य बुद्ध अवतार की जगह भगवान बलराम को श्री विष्णु का अवतार मानते हैं। वहीं 12 वीं शताब्दी के संत कवि जयदेव ने अपनी रचना ‘दशावतार स्तोत्रम’ में भगवान बुद्ध को आदि बुध के रूप में दर्शाया हैं। आदि बुद्ध, बौद्ध धर्म के तथागत बुध से भिन्न हैं , इसी प्रसंग को आगे बढ़ाते हुए 15वीं शताब्दी में गौड़ीय परंपरा के भक्त जन भी आदि बुद्ध को भगवान के 10 अवतारों में शामिल करते हैं।  

अवतारा ह्यसङ्ख्येया हरेः सत्त्वनिधेर्द्विजाः।
यथाविदासिनः कुल्याः सरसः स्युः सहस्रशः॥  

                                      -श्रीमद्भागवत महापुराण — 1.3.26 

भावार्थ: हे श्रेष्ठ ऋषियों! भगवान विष्णु के अवतार असंख्य हैं। जिस प्रकार कभी न सूखने वाले विशाल सरोवर से हज़ारों छोटी-छोटी नदियाँ और जलधाराएँ निकलती हैं, उसी प्रकार भगवान के अनंत अवतार प्रकट होते रहते हैं।

विशेष उल्लेख — हंस एवं हयग्रीव स्वरूप 

उपर्युक्त 22 अवतारों के अतिरिक्त श्रीमद्भागवत महापुराण में भगवान विष्णु के दो अन्य विशिष्ट दिव्य स्वरूपों का भी वर्णन मिलता है, जो प्रथम स्कंध के अवतारों की क्रमबद्ध सूची में सम्मिलित नहीं हैं। 

  1. श्री हंस अवतार : भगवान विष्णु ने हंस का दिव्य स्वरूप धारण करके ब्रह्मविद्या एवं आत्मतत्त्व का उपदेश दिया। इस स्वरूप में भगवान ने सनकादि ऋषियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए परमात्मा के वास्तविक स्वरूप का ज्ञान प्रदान किया। इसका वर्णन श्रीमद्भागवत महापुराण के एकादश स्कंध, अध्याय 13, श्लोक 19–20 में मिलता है।
  2. श्री हयग्रीव अवतार : भगवान विष्णु अश्वमुख स्वरूप में भगवान हयग्रीव के रूप में प्रकट हुए और उन्होंने अगस्त्य मुनि को श्री ललिता सहस्रनाम का ज्ञान दिया और कुंडलिनी जागरण के रहस्य को बताया। यदि आप कुंडलिनी जागरण और ललिता सहस्रनाम की उत्पत्ति के विषय में अधिक जानना चाहते हैं तो ओम स्वामी जी की पुस्तक “ कुंडलिनी : एक अनकही कथा” अवश्य पढ़े।

श्रीमद्भागवत में भगवान हयग्रीव के स्वरूप का वर्णन करते हुए बताया है कि उनके श्वास से वेदमंत्रों की ध्वनि प्रकट हुई। यह स्वरूप वेदज्ञान एवं ब्रह्म विद्या से संबंधित है। इसका उल्लेख श्रीमद्भागवत महापुराण के द्वितीय स्कंध, अध्याय 7, श्लोक 11 में मिलता है। अतः भगवान हंस और भगवान हयग्रीव 22 अवतारों की मूल सूची के अतिरिक्त अन्य दो अवतार है।

मत्स्य से लेकर कल्कि तक, भगवान श्रीविष्णु के प्रत्येक अवतार में एक दिव्य उद्देश्य और एक गहन संदेश छिपा है। युग बदलते हैं, परिस्थितियाँ बदलती हैं और सृष्टि में धर्म-अधर्म का संघर्ष चलता रहता है, परंतु भगवान की कृपा और उनके संरक्षण का संकल्प शाश्वत है। उनके अवतार हमें स्मरण कराते हैं कि धर्म मात्र शास्त्रों के अध्ययन का विषय नहीं बल्कि जीवन में उतारने का मार्ग है। 

मया ततमिदं सर्वं जगदव्यक्तमूर्तिना।
मत्स्थानि सर्वभूतानि न चाहं तेष्ववस्थितः॥
                                        - श्रीमद् भगवद गीता (9.4)

अर्थात्, मेरा अव्यक्त स्वरूप इस सम्पूर्ण जगत में व्याप्त है और सभी प्राणी मुझमें स्थित हैं। वास्तव में, उनके अवतारों का स्मरण करना उसी सर्वव्यापी, अनंत और परम दिव्य सत्ता के प्रति श्रद्धा प्रकट करना है, जो सृष्टि के आरंभ से लेकर उसके अंत तक सबका आधार हैं। 

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

आपकी पावन आध्यात्मिक यात्रा से जुड़ी जिज्ञासाओं के समाधान

भगवान विष्णु के सोते समय दुनिया को कौन चलाता है?

मान्यता है कि आषाढ़ शुक्ल एकादशी से कार्तिक शुक्ल एकादशी तक भगवान विष्णु योगनिद्रा में रहते हैं। इस चार महीने की अवधि को चातुर्मास कहते हैं। इस दौरान भगवान शिव सृष्टि के संचालन और देखरेख का दायित्व सँभालते हैं। देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु के जागने के साथ यह अवधि समाप्त होती है।

दशावतार के 10 मुख्य अवतार कौन हैं?

भगवान विष्णु के दस प्रमुख अवतारों को दशावतार कहा जाता है। ये हैं — मत्स्य, कूर्म, वराह, नरसिंह, वामन, परशुराम, श्रीराम, श्रीकृष्ण, बलराम और कल्कि। 

विष्णु का सबसे उग्र अवतार कौन है?

भगवान विष्णु का सबसे उग्र अवतार भगवान नरसिंह का है। आधे सिंह और आधे मनुष्य के इस दिव्य स्वरूप में उन्होंने अपने भक्त प्रह्लाद की रक्षा और अधर्मी हिरण्यकशिपु के वध के लिए प्रकट होकर धर्म की स्थापना की।

भगवान विष्णु का हंस अवतार कौन-सा है?

हंस अवतार में भगवान विष्णु ने हंस का रूप धारण कर ब्रह्मा जी के मानस पुत्रों—सनक, सनंदन, सनातन और सनत्कुमार (चारों कुमारों)—को आत्मज्ञान और ब्रह्मतत्त्व का उपदेश दिया। यह अवतार ज्ञान, विवेक और आध्यात्मिक चेतना का प्रतीक है।

भगवान हयग्रीव कौन हैं?

भगवान हयग्रीव, भगवान विष्णु के अश्वमुख (घोड़े के मुख वाले) दिव्य स्वरूप हैं। उन्हें वेदों, ज्ञान और विद्या का अधिष्ठाता माना जाता है। श्रीमद्भागवत महापुराण के द्वितीय स्कंध, अध्याय 7, श्लोक 11 में उनका वर्णन मिलता है।

क्या तथागत बुद्ध भगवान विष्णु के अवतार हैं?

श्रीमद्भागवत महापुराण (1.3.24) में बुद्ध को भगवान विष्णु का अवतार बताया गया है। हालांकि, दक्षिण भारत की कुछ श्रीवैष्णव (अयंगर) परंपराएँ दशावतार में बुद्ध के स्थान पर बलराम को स्वीकार करती हैं, जबकि गौड़ीय वैष्णव परंपरा बुद्ध को दशावतार में सम्मिलित करती है। गौड़ीय परंपरा की कुछ व्याख्याओं में पुराणों के बुद्धावतार को बौद्ध धर्म के ऐतिहासिक गौतम बुद्ध से अलग माना गया है; इस संदर्भ में आदि बुद्ध की अवधारणा का उल्लेख मिलता है।

ध्यान दें : आदि बुद्ध महायान एवं वज्रयान बौद्ध दर्शन की भी एक विशिष्ट अवधारणा है। इसलिए दोनों को पूर्णतः समान मानना उचित नहीं होगा।

Thanks For Reading
If this blog added value to your spiritual journey, please share it with your loved ones. Feel free to leave a comment or tell us what spiritual topics you would like us to write about next.
Back to blog

Leave a comment

Comments (0)

No comments yet. Be the first to share your thoughts.

We are proud Sanatanis, and spreading Sanatan values and teachings, our core mission. Our aim is to bring the rich knowledge and beauty of Sanatan Dharm to every household. We are committed to presenting Vedic scriptural knowledge and practices in a simple, accessible, and engaging manner so that people can benefit and internalize them in their lives.

Presented By Team Sadhana