माँ महागौरी – आंतरिक शुद्धता की कृपालु शक्ति

माँ महागौरी – आंतरिक शुद्धता की कृपालु शक्ति

नवदुर्गा साधना का आठवाँ दिन देवी महागौरी को समर्पित होता है। 'महाः' का अर्थ है महान, और 'गौर' का अर्थ है उज्ज्वल एवं गोरा वर्ण। उनके प्राकट्य की कथा देवी अंबिका से जुड़ी हुई है। यह उस समय की बात है जब असुर भाई शुंभ और निशुंभ तीनों लोकों में विध्वंस और अशांति फैला रहे थे। उन्होंने सूर्य, चंद्रमा, कुबेर, यम, वरुण, वायु और अग्नि सहित समस्त देवताओं के लोक और कार्यक्षेत्र छीनकर उन पर अपना अधिकार कर लिया था। देवगण शक्तिहीन होकर देवलोक से निष्कासित कर दिए गए।

तब सभी देवताओं ने देवी का स्मरण किया और उनकी शरण में गए। देवी ने उन्हें वरदान दिया था, ‘जब भी तुम किसी बड़े संकट में मेरा स्मरण करोगे, मैं तुरंत सभी विपत्तियों को दूर करूंगी और तुम्हारी रक्षा करूंगी।’

महादेवी के इस वचन का स्मरण करते हुए, देवता हिमालय के स्वामी हिमवान के पास गए। वहाँ उन्होंने देवी के असीम गुणों की स्तुति देवी सूक्तम् के भक्तिपूर्ण श्लोकों से की, जो भगवान विष्णु की मायाशक्ति के रूप में नारायणी कहलाती हैं।

जब देवता यह स्तुति गा रहे थे, तभी माँ पार्वती, जो पवित्र गंगा में स्नान हेतु जा रही थीं, उन्होंने यह सुना। उन्होंने देवताओं से पूछा, ‘तुम यहाँ किसकी स्तुति कर रहे हो?’ उसी क्षण, उनके शरीरकोश से एक शुभ और सुंदर रूप प्रकट हुआ, और उसने कुछ इस प्रकार उत्तर दिया-
‘ये देवता मेरी ही स्तुति कर रहे हैं, जो इस समय शुंभ और निशुंभ के अत्याचारों से पीड़ित हैं।’

यह दिव्य रूप ही देवी अंबिका थीं। उन्हें कौशिकी के नाम से भी जाना जाता है। यह रूप माँ पार्वती के कोश से प्रकट हुआ था। आगे चलकर वे देवी चंडिका नाम से विख्यात हुईं। जब देवी अंबिका, माँ पार्वती के शरीर से प्रकट हुईं, तो माँ पार्वती की त्वचा घने काले बादलों के समान अत्यधिक काली हो गई।तब उन्हें 'कालिका' कहा गया। आगे चलकर वे 'कालरात्रि' नाम से भी जानी गईं और पवित्र हिमालय में निवास करने लगीं।

देवी महागौरी का प्राकट्य

इसके पश्चात, माँ अंबिका ने देवी कालरात्रि के साथ मिलकर शुंभ और निशुंभ की सेनाओं को पराजित किया। युद्ध समाप्त होने के बाद, माँ पार्वती गंगा में स्नान करने गईं और पुनः गौरवर्ण वाली देवी महागौरी के रूप में परिवर्तित हो गईं। शिव महापुराण की एक अन्य कथा देवी महागौरी के प्राकट्य का उल्लेख मिलता है।
देवी पार्वती (माँ ब्रह्मचारिणी) ने भगवान शिव को पाने के लिए कठोर तपस्या की। शिवजी ने उनकी अनेक प्रकार से परीक्षा ली और उनसे दूर होने का प्रयास किया, परंतु देवी अडिग रहीं। देवी पार्वती की दृढ़ भक्ति से भगवान शिव प्रसन्न हुए। वे हजार उगते सूर्यों के समान दिव्य प्रकाश से दीप्त होकर प्रकट हुए।

कालांतर तक चली कठोर तपस्या के कारण माँ पार्वती का शारीरिक स्वरूप कमजोर हो गया था। उनका शरीर धूल और मैल से ढक गया था। तब महादेव ने अपनी जटाओं से माँ गंगा का पवित्र जल उनके ऊपर प्रवाहित किया। जैसे ही वह जल माँ पार्वती के शरीर पर गिरा, उनकी त्वचा पुनः चंद्रमा की भांति उज्ज्वल, निर्मल और कांतिमय हो उठी। तभी से वे महागौरी अर्थात् गौरवर्ण वाली कहलाईं। 

कथा में निहित प्रतीकात्मक अर्थ

देवी महागौरी की कथा अत्यंत गहन आध्यात्मिक महत्व रखती है। यह अडिग आस्था की परिवर्तनकारी शक्ति और तप तथा आत्म-शुद्धीकरण की विजय का प्रतीक है। ठीक उसी प्रकार, आध्यात्मिक यात्रा का मूल भी शुद्धीकरण ही है। साधना के माध्यम से हम अपने नकारात्मक और चंचल व्यवहार के अंधकार को दूर करने का प्रयास करते हैं। माँ की दिव्य कृपा हमें भक्ति और समर्पण की गंगा में मन की जड़ और कठोर प्रवृत्तियों को धोकर शुद्ध करने में सहायता करती है। देवी महागौरी अनुशासन और सरलता की प्रतीक हैं। वे दर्शाती हैं कि केंद्रित प्रयास के बिना कोई भी फलदायक परिणाम प्राप्त नहीं किया जा सकता।

देवी महागौरी का तेजस्वी स्वरूप

नवदुर्गा के आठवें स्वरूप देवी महागौरी, शुद्धता, शांति और सौम्यता का प्रतीक हैं। उनका नाम ही उनके गौरवर्ण और तेजस्वी स्वरूप का संकेत देता है। उन्हें ‘श्वेताम्बरधरा’ भी कहा जाता है। माँ महागौरी स्वच्छ श्वेत वस्त्रों और आभूषणों से सुसज्जित होती हैं और सौम्यता के साथ एक श्वेत वृषभ पर विराजमान रहती हैं। उनके श्वेत वस्त्र 'शुद्ध सत्त्व' (निर्मल तत्त्व) के प्रतीक हैं, जो किसी भी प्रकार के पूर्वाग्रह, द्वंद्व या मत-मतांतर से अछूते रहते हैं।

चतुर्भुजी होने के कारण माँ महागौरी के चार भुजाएँ हैं। वे दो हाथों में त्रिशूल और डमरु धारण करती हैं, जबकि अन्य दो हाथों में अभय (निर्भयता प्रदान करने वाली) और वरद (आशीर्वाद देने वाली) मुद्राएँ हैं। त्रिशूल तीनों कालों, भूत, भविष्य और वर्तमान, से जुड़े कर्मों और पापों के विनाश का प्रतीक है। डमरु अनंतता का प्रतीक है। उसका नाद इस सृष्टि की लय को धारण करता है, और माँ उस ऊर्जा को जाग्रत करती हैं। वस्तुतः, माँ महागौरी शुद्ध शक्ति का स्वरूप हैं, जिनका दिव्य स्पंदन सम्पूर्ण ब्रह्मांड को जीवन देता है।माँ महागौरी का सौम्य रूप अपने भक्तों की आत्मा को शुद्ध करता है, उनके पापों और अशुद्धियों को धो देता है।

जैसे कोई बच्चा मिट्टी में खेलते हुए कितना भी गंदा हो जाए, माँ अपने आँचल से उसे प्रेमपूर्वक साफ करती है, वैसे ही माँ महागौरी भी हमारे भीतर की मलिनता को प्रेमपूर्वक धो डालती हैं। यदि सांसारिक माताएँ इतनी स्नेहमयी और करुणामयी हो सकती हैं, तो जरा कल्पना कीजिए, जगन्माता (सम्पूर्ण सृष्टि की माता) की असीम कृपा कितनी अपार होगी!

Thanks For Reading
If this blog added value to your spiritual journey, please share it with your loved ones. Feel free to leave a comment or tell us what spiritual topics you would like us to write about next.
Back to blog

Leave a comment

Comments (0)

No comments yet. Be the first to share your thoughts.

We are proud Sanatanis, and spreading Sanatan values and teachings, our core mission. Our aim is to bring the rich knowledge and beauty of Sanatan Dharm to every household. We are committed to presenting Vedic scriptural knowledge and practices in a simple, accessible, and engaging manner so that people can benefit and internalize them in their lives.

Presented By Team Sadhana

नवदुर्गा साधना करें ✨🔱

शक्तिशाली गुप्त नवदुर्गा साधना के माध्यम से देवी के नौ रूपों की उपासना करें।

Download Now →

सिद्धों का प्रामाणिक ज्ञान

अब हिमालयी सिद्ध ओम स्वामी के द्वारा आपके लिए सुलभ किया गया