छठ पूजा 2026 : सूर्योपासना की सनातन परम्परा
त्वरित परिचय:छठ पूजा सूर्यदेव और छठी मैया की उपासना का चार दिवसीय महापर्व है, जो 13 नवंबर से 16 नवंबर 2026 तक मनाया जाएगा। इस पर्व की शुरुआत नहाय-खाय से होती है, इसके बाद खरना, संध्या अर्घ्य और उषा अर्घ्य के अनुष्ठान संपन्न होते हैं। 15 नवंबर को अस्त होते सूर्य और 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। छठ पूजा शुद्धता, संयम, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और संतान के सुख-समृद्धि एवं दीर्घायु की कामना का प्रतीक है।
“पहिले पहिल हम कईनी, छठी मईया व्रत तोहार।
करिहा क्षमा छठी मईया, भूल-चूक गलती हमार। ”
-हृदय नाथ झा कृत लोकगीत
छठ पूजा कार्तिक शुक्ल चतुर्थी से सप्तमी तक मनाया जाने वाला सूर्यदेव और छठी मैया की उपासना का चार दिवसीय महापर्व है, जिसका मुख्य दिन षष्ठी है। इसमें व्रती नहाय-खाय, खरना, सन्ध्या अर्घ्य और उषा अर्घ्य के क्रम से लगभग 36 घण्टे का निर्जला उपवास रखकर अस्त और उदित, दोनों रूपों में सूर्य को अर्घ्य देते हैं।
कार्तिक मास की संध्या का समय है। नदी के घाट पर धीरे-धीरे भीड़ जुटने लगी है। कहीं दीयों की लौ जगमगा रही है, तो कहीं फूलों और फलों से सजे सूप (बाँस की लकड़ी का पात्र ) तैयार किए जा रहे हैं। कमर तक जल में खड़े व्रती, अस्त होते सूर्य की ओर हाथ जोड़े खड़े हैं। उनके हाथों में अर्घ्य का सूप है और मन में सूर्य देव के प्रति कृतज्ञता। कुछ ही देर में सूर्यनारायण क्षितिज के पार चले जाएँगे, लेकिन घाट पर खड़े भक्तों की श्रद्धा वहीं बनी रहेगी। बल्कि अगले दिन प्रातःकाल, इसी श्रद्धा के साथ उगते हुए सूर्य नारायण को अर्घ्य दिया जाएगा।
ये छठ का महापर्व है। सूर्य देव और छठी मैया की उपासना का ऐसा पर्व है, जिसमें केवल उगते सूर्य को ही नहीं, बल्कि अस्त होते सूर्य को भी समान श्रद्धा से प्रणाम किया जाता है।
मुख्य बातें :
- छठ की समृद्ध परंपरा
- क्या है छठ पूजा पूजा ?
- छठ की पौराणिक कथा
- छठी मैया कौन हैं और उन्हें विधाता माता क्यों कहा जाता है?
- छठ की पूजा विधि एवं मुहूर्त
- देश और विश्व में छठ
छठ की समृद्ध परंपरा
बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश से आरम्भ हुई इस परम्परा की आस्था आज देश के अनेक हिस्सों और विदेशों तक पहुँच चुकी है।चार दिनों तक चलने वाला यह महापर्व नहाय-खाय से आरम्भ होता है और उषा अर्घ्य के साथ पूर्ण होता है।
इन दिनों में व्रती शुद्धता, संयम और निष्ठा के साथ कठिन व्रत का पालन करते हैं। लोकगीतों की मधुर धुन, जल में खड़े श्रद्धालु और सूर्य की पहली-पहली किरणों को अर्घ्य अर्पित करते हाथ—ये सभी दृश्य छठ को एक अद्भुत आध्यात्मिक अनुभव बना देते हैं।
आइए, इस पावन पर्व के महत्त्व, इससे जुड़ी पौराणिक कथाओं और चारों दिनों की पूजा-विधि को विस्तार से समझें।
छठ पर्व 2026 एक दृष्टि में
|
दिन |
दिनाँक |
अनुष्ठान |
|---|---|---|
|
पहला |
शुक्रवार, 13 नवम्बर |
नहाय-खाय |
|
दूसरा |
शनिवार, 14 नवंबर |
खरना |
|
तीसरा |
रविवार, 15 नवंबर |
संध्या अर्घ्य |
|
चौथा |
सोमवार, 16 नवंबर |
उषा अर्घ्य और पारण |
क्या है छठ पूजा ?
छठ कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को मनाया जाने वाला सूर्य उपासना का महापर्व है। इसे सूर्य षष्ठी, डाला छठ और छठी मइया की पूजा के नाम से भी जाना जाता है। इस पर्व में प्रत्यक्ष देवता भगवान सूर्य और उनकी शक्ति स्वरूपा षष्ठी देवी की आराधना की जाती है।
इसकी सबसे बड़ी विशेषता यह है कि पूजा-पद्धति में अत्यंत सरल होने के बावजूद व्रत का पालन उतना ही कठिन और अनुशासनपूर्ण होता है। परंपरागत रूप से छठ व्रत मुख्यतः महिलाएँ करती हैं, लेकिन पुरुष भी पूरी श्रद्धा से इस व्रत का पालन करते हैं। वे निर्धारित उपवास रखते हैं और भगवान सूर्य को संध्या अर्घ्य (सायंकालीन अर्घ्य) तथा उषा अर्घ्य (प्रातःकालीन अर्घ्य) अर्पित करते हैं।
छठ की पौराणिक कथा
सूर्योपासना भारतीय परम्परा में उतनी ही पुरानी है जितना वेद। ऋग्वेद के सूर्य सूक्त में सूर्यदेव को जगत का नेत्र, प्राणदाता और रोगहर्ता कहा गया है। गायत्री मन्त्र स्वयं सविता देवी के तेज का ही ध्यान है। छठ उसी वैदिक भाव का लोकजीवन में उतरा हुआ रूप है।
चित्रं देवानामुदगादनीकं चक्षुर्मित्रस्य वरुणस्याग्नेः।
आप्रा द्यावापृथिवी अन्तरिक्षं सूर्य आत्मा जगतस्तस्थुषश्च॥
— ऋग्वेद 1.115.1
“आकाश में देवताओं का अद्भुत तेजस्वी स्वरूप उदित हुआ है। सूर्यदेव मित्र, वरुण और अग्नि के नेत्रस्वरूप हैं। वे अपने प्रकाश से द्युलोक, पृथ्वी और अंतरिक्ष को प्रकाशित करते हैं। सूर्य समस्त चर-अचर जगत की आत्मा हैं।”
षष्ठी देवी की कथा।
ब्रह्मवैवर्त पुराण के प्रकृति खंड, अध्याय 43 और देवीभागवत पुराण के स्कंध 9, अध्याय 46 में षष्ठी देवी की कथा वर्णित है। स्वायंभुव मनु के पुत्र राजा प्रियव्रत और रानी मालिनी को लंबे समय तक संतान नहीं हुई। महर्षि कश्यप के परामर्श से राजा ने पुत्रकामेष्टि यज्ञ किया। यज्ञ के चरु से रानी गर्भवती हुईं और बारह दिव्य वर्षों बाद उन्होंने स्वर्ण जैसे तेजस्वी पुत्र को जन्म दिया, पर वह मृत अवस्था में था।
शोक से व्याकुल राजा शिशु को लेकर श्मशान की ओर चल पड़े। तभी दिव्य विमान से षष्ठी देवी प्रकट हुईं। वे ब्रह्मा की मानस-पुत्री देवसेना, कार्तिकेय की पत्नी और प्रकृति के छठे अंश से प्रकट होने के कारण षष्ठी कहलाईं। देवी ने शिशु को स्पर्श किया, जिससे वह जीवित हो उठा। देवी की कृपा से उसका नाम सुव्रत पड़ा और वह धर्मात्मा शासक बना। तभी से संतान के कल्याण के लिए षष्ठी व्रत और छठी मैया की पूजा की परंपरा चली।
महाभारत की परम्परा।
वनवास के कठिन दिनों में पांडवों के पास भोजन नहीं बचा था और पूरा परिवार भूख से व्याकुल था। तब उनके कुलपुरोहित धौम्य ऋषि ने युधिष्ठिर को सूर्य देव की उपासना और उनके 108 नामों के जाप का उपदेश दिया। युधिष्ठिर ने पूरी श्रद्धा से सूर्यदेव की स्तुति की।
प्रसन्न होकर सूर्य देव ने उन्हें अक्षयपात्र प्रदान किया—एक दिव्य पात्र, जिसमें से द्रौपदी के भोजन करने तक अन्न समाप्त नहीं होता था। यह कथा महाभारत के वनपर्व, अध्याय 3 में मिलती है।
इसी सूर्य-उपासना की परंपरा से छठ को जोड़ने वाली लोकमान्यताएँ भी प्रचलित हैं। सूर्यपुत्र कर्ण प्रतिदिन जल में खड़े होकर सूर्य को अर्घ्य देते थे, और द्रौपदी का छठ व्रत भी पांडवों के कल्याण के लिए माना जाता है।
साम्ब की कथा।
भविष्य और साम्ब पुराण की परम्परा में श्रीकृष्ण के पुत्र साम्ब को कुष्ठ रोग से मुक्ति सूर्योपासना से मिली। इसी कारण सूर्य को आरोग्य का देवता माना गया और कोणार्क तथा देव जैसे सूर्य मन्दिर इसी परम्परा के साक्षी हैं।
रामायण से जुड़ी लोकमान्यता।
बिहार और पूर्वांचल में मान्यता है कि लंका विजय के बाद श्रीराम और माता सीता ने कार्तिक शुक्ल षष्ठी को सूर्य व्रत कर अर्घ्य दिया। यह लोकपरम्परा है, जो जनमानस में गहराई से बसी है। अतः इसे श्रद्धा से कहा जाता है, शास्त्रीय प्रमाण की तरह नहीं।
सार यह कि छठ महापर्व मात्र किसी एक लोककथा पर आधारित ना होकर, सूर्य उपासना की वैदिक रीति, पौराणिक षष्ठी पूजन और लोक की स्मृति, तीनों में समाहित हैं।
छठी मैया कौन हैं और उन्हें विधाता माता क्यों कहा जाता है?
छठी मैया को छठ पर्व की अधिष्ठात्री देवी माना जाता है। पुराणों में उन्हें देवी षष्ठी कहा गया है, जो बालकों की रक्षिका और संतान को दीर्घायु देने वाली मानी जाती हैं। उत्तर भारत की लोकमान्यता है कि शिशु के जन्म के छठे दिन की रात विधाता उसके भाग्य का लेख लिखते हैं। शिशु के जन्म के छठे दिन की छठी पूजा किसी एक क्षेत्र तक सीमित नहीं, देश के बड़े भाग में प्रचलित लोकाचार है।
छठ की पूजा विधि एवं मुहूर्त
छठ पूजा का शुभ मुहूर्त 2026
छठ पूजा में संध्या अर्घ्य और उषा अर्घ्य का विशेष महत्व है। व्रती डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करके छठी मैया एवं सूर्यदेव की आराधना करते हैं।
|
अनुष्ठान |
तिथि |
शुभ समय |
|---|---|---|
|
संध्या अर्घ्य |
15 नवंबर, 2026 |
सूर्यास्त के समय |
|
उषा अर्घ्य |
16 नवंबर, 2026 |
सूर्योदय के समय |
छठ पूजा की विधि
चार दिन की साधना
- पहला दिन: नहाय-खाय। व्रती पवित्र नदी या जलाशय में स्नान कर घर को शुद्ध करते हैं। भोजन में कद्दू की सब्ज़ी, चने की दाल और अरवा चावल ( वह चावल है जिसे धान को बिना भिगोए या भाप में पकाए सीधे मिलिंग करके निकाला जाता है।) सात्विक रीति से बनता है।
-
दूसरा दिन : खरना। छठ पूजा के दूसरे दिन को खरना कहा जाता है। इस दिन व्रती पूरे दिन निर्जला उपवास रखते हैं और शाम को स्नान के बाद सूर्यदेव एवं छठी मैया की पूजा करते हैं। इसके बाद गुड़ की खीर (रसियाव) और गेहूँ के आटे की रोटी का प्रसाद तैयार किया जाता है।
पारंपरिक रूप से यह प्रसाद मिट्टी के नए चूल्हे पर आम की लकड़ियों से बनाया जाता है। इसकी शुद्धता का विशेष ध्यान रखा जाता है। प्रसाद ग्रहण करने के बाद लगभग 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होता है, जो अगले दिन उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद पूरा होता है।
- तीसरा दिन: सन्ध्या अर्घ्य। बाँस के सूप में गेहूँ के आटे, गुड़ और घी से ठेकुआ बनाया जाता है। फल, ईख और नारियल सजाकर व्रती परिवार सहित घाट पहुचते हैं। जल में खड़े होकर अस्त होते सूर्यदेव को पहला अर्घ्य दिया जाता है। लोकगीतों की गूँज और दीपों की पंक्तियाँ इस क्षण को अद्भुत बना देती हैं।
- चौथा दिन: उषा अर्घ्य। भोर के अँधेरे में फिर घाट सज जाते हैं। उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का पारण होता है और प्रसाद बँटता है।
देश और विश्व में छठ

( देश और विदेशों में छठ पूजा करते भक्त )
छठ का मूल क्षेत्र बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश है, लेकिन आज इसका प्रभाव देश के कोने-कोने में दिखाई देता है। भारत के साथ-साथ विदेशों में बसे भारतीय समुदाय भी इसे पूरे उत्साह, श्रद्धा और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाते हैं। दिल्ली में यमुना के घाट, मुम्बई का जुहू तट, कोलकाता में गंगा किनारे और असम तथा ओडिशा के नगरों में भी छठ की धूम रहती है।
यहाँ एक भेद ध्यान देने योग्य है। छठ महापर्व मुख्यतः बिहार, झारखण्ड, पूर्वांचल और नेपाल के तराई क्षेत्र में रचा-बसा है।
नेपाल के तराई क्षेत्र, विशेषकर जनकपुर में यह पर्व बड़े उत्साह से मनाया जाता है। गिरमिटिया परम्परा के साथ भारतवंशी मॉरिशस, फ़िजी, त्रिनिदाद और टोबैगो, गयाना और सूरीनाम तक इसे ले गए। आज अमेरिका, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया और खाड़ी देशों में बसे प्रवासी भारतीय भी स्थानीय नदी, झील या समुद्र तट पर अर्घ्य देते हैं। कई जगह पर्व के लिए अलग से अनुमति लेकर घाट सज्ज किए जाते हैं।
छठ महापर्व हमें प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, परिवार के प्रति प्रेम और अटूट आस्था का भाव सिखाता है। डूबते और उगते, दोनों सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा हमें जीवन के हर पड़ाव का सम्मान करना सिखाती है। यही इस पर्व की सबसे सुंदर सीख है। लोकगीतों की मिठास, घाटों की रौनक और व्रतियों की श्रद्धा के बीच छठ केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपरा और भावनाओं से जुड़ा एक गहरा रिश्ता है।
छठ पूजा से जुड़े अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
आपकी पावन आध्यात्मिक यात्रा से जुड़ी जिज्ञासाओं के समाधान
2026 में छठ पूजा कितनी तारीख से शुरू होगी?
छठ पूजा में कद्दू भात क्यों खाया जाता है?
छठ पूजा को किन-किन नामों से जाना जाता है?
We are proud Sanatanis, and spreading Sanatan values and teachings, our core mission. Our aim is to bring the rich knowledge and beauty of Sanatan Dharm to every household. We are committed to presenting Vedic scriptural knowledge and practices in a simple, accessible, and engaging manner so that people can benefit and internalize them in their lives.
Presented By Team Sadhana
Leave a comment
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts.
Related Articles
Dashavatara: 10 Avatars of Lord Vishnu and Their Katha
The Five-Day Celebrations of Diwali 2026
Karva Chauth: A Celebration of Love and Matrimony
Ramleela: One Legend, Countless Expressions